रक्षाबंधन(Raksha Bandhan) और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे त्योहारों से पहले उत्तर प्रदेश में खाद्य मिलावट के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में हापुड़ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने एक बिना लाइसेंस चल रहे प्रतिष्ठान पर छापा मारकर 955 किलो मिलावटी क्रीम और 55 किलो रिफाइंड तेल बरामद किया। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 1.43 लाख रुपये बताई गई है।
कार्रवाई बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला स्थित फतेहपुर में की गई। अधिकारियों के मुताबिक, यहां किराए के मकान में बिना खाद्य लाइसेंस के क्रीम तैयार की जा रही थी। टीम ने पहले जानकारी जुटाई और इसके बाद देर रात अचानक छापा मारा। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में तैयार क्रीम मिली। विभाग के मुताबिक, इसे सपरेटा दही, पाम ऑयल, वनस्पति और थोड़ी मात्रा में असली क्रीम मिलाकर तैयार किया जा रहा था।
त्योहारों में खपाने की थी तैयारी
अधिकारियों के मुताबिक, इस तैयार क्रीम का इस्तेमाल पनीर और देसी घी बनाने में किया जाना था। त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली मांग को देखते हुए इसे दिल्ली-एनसीआर, मेरठ, अमरोहा, बुलंदशहर और आसपास के बाजारों में भेजे जाने की तैयारी थी।
955 किलो क्रीम मौके पर नष्ट
खाद्य विभाग ने बरामद पूरी 955 किलो क्रीम को जेसीबी की मदद से गड्ढा खुदवाकर मौके पर ही नष्ट करा दिया। साथ ही बिना लाइसेंस चल रहे प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया। बरामद सामग्री के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
संचालक पर होगी कानूनी कार्रवाई
सहायक आयुक्त खाद्य चंद्रशेखर मिश्र के मुताबिक, प्रतिष्ठान के मालिक तुषार शर्मा के खिलाफ कोर्ट में वाद दायर करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। त्योहारी सीजन में मिठाई, पनीर, घी और क्रीम की मांग बढ़ने के कारण खाद्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता का ध्यान रखें और खुले या असामान्य रूप से सस्ते उत्पादों से सावधान रहें। विश्वसनीय और अधिकृत दुकानों से सामान खरीदना बेहतर होगा।