Delhi Assembly Monsoon Session: दिल्ली विधानसभा का तीन दिवसीय मानसून सत्र शुक्रवार यानिकि आज से शुरू हो रहा है। इस दौरान दिल्ली सरकार सदन में तीन अहम विधेयक और दो CAG रिपोर्ट पेश करेगी। विधानसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी ने सर्वसम्मति से सत्र का विधायी एजेंडा तय किया है। वहीं, जलभराव, लक्ष्मी योजना और दूसरी नागरिक सुविधाओं को लेकर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है, जबकि सत्ता पक्ष विधायी बदलावों और आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल से जुड़ी CAG रिपोर्टों के आधार पर विपक्ष पर हमला बोलेगा।
तीन दिनों तक चलेगा मानसून सत्र
दिल्ली विधानसभा का मानसून सत्र तीन दिनों तक चलेगा। इस दौरान सरकार कई अहम विधायी प्रस्तावों को सदन में रखेगी। विधानसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी ने सर्वसम्मति से पूरे सत्र का विधायी एजेंडा तय किया है।
सरकार पेश करेगी तीन अहम विधेयक
सरकार जिन तीन विधेयकों को सदन में पेश करेगी, उनमें पहला दिल्ली के नागरिकों को तय समय-सीमा के भीतर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने से जुड़ा है। दूसरा विधेयक दिल्ली अर्बन शेल्टर इम्प्रूवमेंट बोर्ड एक्ट में संशोधन के लिए लाया जाएगा। वहीं, तीसरा विधेयक बेड-एंड-ब्रेकफास्ट एस्टेब्लिशमेंट व्यवस्था को खत्म करने से संबंधित होगा।
दो CAG रिपोर्ट भी होंगी पेश
वित्त विभाग का प्रभार संभाल रहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सदन के पटल पर दो CAG रिपोर्ट रखेंगी। इनमें पहली रिपोर्ट 31 मार्च, 2023 को खत्म हुए दिल्ली सरकार के खातों से संबंधित है, जबकि दूसरी रिपोर्ट साल 2024-25 के लिए राजधानी के राज्य वित्त की स्थिति पर आधारित है।
ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े प्रस्ताव भी आएंगे
सत्र के दौरान ऊर्जा मंत्री आशीष सूद दिल्ली विद्युत नियामक आयोग (DERC) रेगुलेशन से जुड़े नोटिफिकेशन और प्रस्तावित सुधार भी सदन में पेश करेंगे। इन प्रस्तावों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
Read More:

