ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब खाड़ी क्षेत्र में भी महसूस किया जा रहा है। इसी बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई स्थित जेबेल अली इंडस्ट्रियल एरिया में कई धमाकों की आवाज सुनाई देने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद आसमान में उठते धुएं के गुबार के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक धमाकों के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इस बीच घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी खबर है।
20 मिनट में कई धमाके
जानकारी के अनुसार, करीब 20 मिनट के भीतर सात धमाकों की आवाजें सुनी गईं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ये धमाके किसी हमले का परिणाम थे या किसी दुर्घटना की वजह से हुए। वहीं, NASA की थर्मल इमेजरी में बंदरगाह के पास स्थित एक गोदाम में आग दिखाई देने की बात सामने आई है। बताया गया कि यह गोदाम ईंधन के भंडारण और ट्रांसफर के लिए इस्तेमाल किया जाता था। फिलहाल घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मिसाइल हमले का दावा
UAE के सरकारी या स्थानीय मीडिया ने अब तक धमाकों के कारणों पर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है। हालांकि, ईरान के एक समाचार माध्यम ने दावा किया है कि यमन की दिशा से यूएई पर मिसाइल हमला किया गया था। इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। जेबेल अली दुबई का एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, जो शहर से लगभग 25 मील दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। यहां का बंदरगाह और फ्री ट्रेड जोन अंतरराष्ट्रीय शिपिंग और व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
Read More

