HomeBreaking Newsउत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश, देहरादून के सभी स्कूल और...

उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश, देहरादून के सभी स्कूल और आंगनवाड़ी रहेंगे बंद, प्रशासन अलर्ट

Uttarakhand Rain: उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर कई जिलों में देखने को मिल रहा है। तेज बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई जगह नदियां और बरसाती गधेरे उफान पर हैं, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

देहरादून के स्कूल और आंगनबाड़ी बंद

मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश की संभावना को देखते हुए 5 अगस्त को देहरादून जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। जिला प्रशासन का कहना है कि भारी बारिश के चलते किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।

मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट

जिला मजिस्ट्रेट आशीष चौहान की ओर से जारी नोटिस में कहा गया, “वर्तमान में जनपद अंतर्गत हो रही वर्षा और मौसम विज्ञान विभाग देहरादून व एनडीएमए के सचेत पोर्टल की ओर से 4 अगस्त को जारी अपडेटेड फॉरकास्ट/नॉवकास्ट के अनुसार अगले 24 घंटों में देहरादून में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर भी हो सकते हैं। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने जनपद के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।”

प्रशासन ने लोगों से की अपील

लगातार बारिश के कारण कई सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ है और वाहनों की आवाजाही धीमी पड़ गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। आपदा प्रबंधन और जिला प्रशासन की टीमें भी अलर्ट मोड पर हैं। प्रशासन ने लोगों से यात्रा से बचने, नदी-नालों और बरसाती गधेरों के किनारे नहीं जाने तथा मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने दिए हाई अलर्ट के निर्देश

प्रदेश में भारी वर्षा की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार सुबह सचिव आपदा प्रबंधन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सभी जिला प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Read More:

यमन तट के पास लाल सागर में भारतीय जहाज पर अटैक, बिना उकसावे के हमले पर भड़का भारत, 13 भारतीय क्रू समेत 14 लोग बचाए गए

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments