स्वतंत्रता दिवस से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए फूड सेफ्टी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने लुधियाना(Ludhiana) शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र में अचानक छापेमारी कर एक ठिकाने से भारी मात्रा में संदिग्ध देसी घी बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने न्यू दीप नगर की गली नंबर 5 में कार्रवाई की। जांच के दौरान मौके से करीब 3,000 लीटर संदिग्ध देसी घी मिला। टीम ने तुरंत मौके का निरीक्षण किया और बरामद सामग्री को जांच प्रक्रिया में शामिल कर लिया।
सैंपल जांच के लिए भेजे गए
अधिकारियों ने बताया कि बरामद किए गए देसी घी की गुणवत्ता और शुद्धता की जांच के लिए इसके नमूने लिए गए हैं। इन सैंपलों को लैब में परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि घी मानकों के अनुरूप है या नहीं।
रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
फूड सेफ्टी विभाग ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट में यदि किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती है तो नियमों के अनुसार संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने साफ किया है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।