उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सड़क हादसा समझे जा रहे एक महिला की मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना नहीं बल्कि 44 लाख रुपये की बीमा राशि हासिल करने के लिए रची गई हत्या की साजिश थी। इस मामले में मृतका के पति समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देकर बीमा का पैसा हासिल करने की योजना बनाई थी।
सड़क किनारे मिला था शव
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई की रात हमीरपुर के ललपुरा थाना क्षेत्र के पौधिया गांव के पास खेतों से लौट रहे ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक महिला का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। शुरुआती जांच में मामला सड़क हादसे लग रहा था। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बाद में बैंक खाते से संबंधित एक पर्ची के आधार पर महिला की पहचान 32 वर्षीय रीता के रूप में हुई। सूचना मिलने पर उसका पति भी मौके पर पहुंचा और शव की पहचान की। हालांकि, जांच के दौरान घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, सर्विलांस और पूछताछ ने पुलिस को हत्या की आशंका की ओर पहुंचा दिया।
पुलिस का कहना है कि जांच में पता चला कि रीता और उसके पति अमर सिंह ने करीब ढाई वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। परिवार के अनुसार यह रीता की दूसरी और अमर सिंह की तीसरी शादी थी। पुलिस के मुताबिक, आर्थिक तंगी और कर्ज के चलते रीता के नाम 44 लाख रुपये का जीवन बीमा कराया गया और उसी के बाद हत्या की साजिश रची गई।
पति समेत चार गिरफ्तार
जांच में पुलिस ने आरोप लगाया कि अमर सिंह ने अपने तीन साथियों अमित गुप्ता उर्फ राम, पुष्पेंद्र सोनी उर्फ साहिल और अभय सिंह उर्फ गोलू के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, योजना के तहत अमर सिंह पत्नी को घटनास्थल तक लेकर गया, जहां पहले से उसके साथी मौजूद थे। हत्या के बाद उसने खुद पत्नी के लापता होने की सूचना देकर और बाद में शव की पहचान कर संदेह से बचने की कोशिश की। हमीरपुर के अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपियों पर भारी कर्ज था और बीमा की राशि आपस में बांटने की भी योजना बनाई गई थी। पुलिस ने इस मामले में हत्या में इस्तेमाल की गई कार और एक सिम कार्ड बरामद किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है।
Read More
कुलगाम आतंकी हमले में सुरक्षा एजेंसियों ने लिया बड़ा एक्शन, ओवर ग्राउंड वर्कर हुआ गिरफ्तार

