देश को नशामुक्त बनाने और युवाओं को स्वस्थ भविष्य की ओर प्रेरित करने के लक्ष्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ संकल्प अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर देशभर के 28 हजार से अधिक स्थानों से एक करोड़ से ज्यादा युवाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया और प्रधानमंत्री के संबोधन से पहले एक साथ नशामुक्त भारत बनाने की शपथ ली। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ, आत्मविश्वासी और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहेगा।
युवाओं को दिया संदेश
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह अभियान केवल किसी व्यक्ति या परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे राष्ट्र के भविष्य से जुड़ा संकल्प है। उन्होंने युवाओं से नशे के दुष्प्रभावों को समझने और इससे दूर रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पूज्य अम्मा, गुरुदेव श्री श्री रविशंकर, पूज्य दाजी, डॉ. चिन्मय पंड्या और स्वामी ब्रह्मविहारीजी सहित कई प्रमुख आध्यात्मिक गुरु शामिल हुए। इसके अलावा विभिन्न राज्यों के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधियों ने भी अभियान में भाग लिया। ब्रह्माकुमारीज, इस्कॉन, चिन्मय मिशन, ऑरोविले समेत 125 से अधिक आध्यात्मिक एवं सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों और औद्योगिक निकायों ने इस पहल का समर्थन किया।
Speaking at the launch of 'Nasha Mukt Yuva for Viksit Bharat Sankalp Abhiyan', a 100-week campaign against substance abuse. I urge every citizen, especially our youth, to join this movement. https://t.co/ucvrcAyK4C
— Narendra Modi (@narendramodi) August 2, 2026
100 सप्ताह तक चलेगा अभियान
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी अभियान की जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह 100 सप्ताह तक चलने वाला राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान होगा। इसके तहत हर रविवार देशभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें खेल प्रतियोगिताएं, वॉकाथॉन, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, चर्चा मंच, कला प्रतियोगिताएं और सामुदायिक गतिविधियां शामिल होंगी। अभियान में MYBharat, NSS, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, युवा क्लब, गैर-सरकारी संगठन और आध्यात्मिक संस्थाएं सक्रिय भूमिका निभाएंगी। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक के रूप में तैयार करना और नशामुक्त भारत के लिए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
Read More
स्पेन के स्यूटा शहर में घुसे करीब 60 हजार घुसपैठिए, अब तक हुई 67 लोगों की मौत

