UP Assembly Monsoon Session: उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार, 3 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। भवन में सर्वदलीय बैठक आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में विधानसभा के द्वितीय मानसून सत्र के सुचारु संचालन और कार्यवाही से जुड़े कई विषयों पर चर्चा होगी।
3 अगस्त से शुरू होगा मानसून सत्र
राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद विधानमंडल के दोनों सदनों का मानसून सत्र 3 अगस्त से बुलाया गया है। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। इसके अलावा कई विधेयकों और अन्य अहम सरकारी मामलों पर भी बातचीत होने की संभावना है।
सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने
मानसून सत्र के दौरान सदन में जोरदार बहस देखने को मिल सकती है। भारतीय जनता पार्टी बीते 10 वर्षों में अपनी सरकार की उपलब्धियों को प्रमुखता से रखेगी। वहीं विपक्ष राम मंदिर चढ़ावा चोरी सहित अन्य अहम मुद्दों को सदन में उठाने की तैयारी में हैं।
कांवड़ यात्रा भी बन सकती है मुद्दा
सावन माह शुरू होने के बीच पूरे उत्तर प्रदेश, खासकर पश्चिमी यूपी में कांवड़ यात्रा को लेकर सरकार की प्रस्तावित गाइडलाइन्स पर भी विवाद होने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि इस मुद्दे पर भी सदन के भीतर चर्चा और राजनीतिक बहस देखने को मिल सकती है।
पिछला सत्र कब हुआ था खत्म?
राज्य विधानमंडल का दूसरा सत्र 30 अप्रैल को शुरू हुआ था। विधानसभा और विधान परिषद की बैठकों के बाद सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। इसके समापन की औपचारिक घोषणा 7 मई को की गई थी। अब शुरू होने वाले मानसून सत्र के भी हंगामेदार रहने की संभावना जताई जा रही है।
ऐसा रह सकता है सत्र का कार्यक्रम
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 3 अगस्त को मानसून सत्र की शुरुआत के साथ दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी जा सकती है। 4 अगस्त को वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुपूरक बजट पेश होने की संभावना है। 5 अगस्त को विधायी कार्य और अन्य सरकारी कामकाज किए जा सकते हैं, जबकि 6 अगस्त को अनुपूरक बजट पर चर्चा के साथ सत्र का कामकाज पूरा हो सकता है।
लखनऊ में ट्रैफिक और सुरक्षा के इंतजाम
मानसून सत्र को देखते हुए लखनऊ ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा और रूट डायवर्जन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। सत्र के दौरान प्रतिबंधित मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी, हालांकि एंबुलेंस और स्कूली छात्रों के वाहनों को आवश्यकतानुसार आने-जाने की अनुमति दी जाएगी।
Read More:

