दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) ने यूजी एडमिशन(DU UG Admission 2026) के लिए कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) के तहत मिड एंट्री राउंड का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके जरिए उन छात्रों को एडमिशन कराने का दोबारा मौका मिलेगा जो पहले चरण में आवेदन नहीं कर पाए थे या किसी वजह से अपनी एडमिशन प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके थे।
डीयू के मुताबिक, मिड एंट्री रजिस्ट्रेशन 3 अगस्त 2026 से शुरू होगा और 5 अगस्त 2026 रात 11:59 बजे तक जारी रहेगा। इसमें इच्छुक उम्मीदवार तय टाइम लिमिट के अंदर ही आवेदन कर पाएंगे। इस खास सुविधा का फायदा लेने के लिए छात्रों को 1000 रुपये की नॉन-रिफंडेबल फीस जमा करनी होगी।
कब मिलेगी तीसरे राउंड की सीट अलॉटमेंट लिस्ट?
दिल्ली यूनिवर्सिटी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अब तक 71 हजार से अधिक छात्रों की सीट कंफर्म कर चुका है। वहीं, कई छात्र बेहतर कॉलेज या पसंदीदा कोर्स मिलने की उम्मीद में अपग्रेड विकल्प के साथ काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल हैं।
यूनिवर्सिटी तीसरे राउंड की सीट अलॉटमेंट लिस्ट 8 अगस्त 2026 को जारी करेगा। जिन छात्रों को सीट मिलेगी, वे 8 अगस्त से 11 अगस्त रात 11:59 बजे तक सीट स्वीकार कर सकेंगे। इसके बाद कॉलेजों में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और एडमिशन अप्रूवल की प्रक्रिया 12 अगस्त तक पूरी होगी। छात्रों को 13 अगस्त रात 11:59 बजे तक एडमिशन फीस जमा करनी होगी।
किन छात्रों को नहीं मिलेगा मिड एंट्री का लाभ?
डीयू ने बताया है कि कुछ खास कैटेगरी के उम्मीदवार मिड एंट्री में शामिल नहीं हो पाएंगे। इनमें एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटी (ECA) कोटा, स्पोर्ट्स कोटा, सीडब्ल्यू कोटा, वार्ड सुपरन्यूमैरेरी कोटा और कुछ प्रैक्टिकल आधारित कोर्स शामिल हैं।
बीए ऑनर्स म्यूजिक, बीएससी फिजिकल एजुकेशन, हेल्थ एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स और बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स जैसे कार्यक्रमों में प्रवेश अलग प्रक्रिया के माध्यम से दिया जाएगा।
DU UG मिड एंट्री के लिए कैसे करें आवेदन ?
सबसे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। मिड एंट्री आवेदन लिंक पर क्लिक करें और रजिस्ट्रेशन करें। आवेदन फॉर्म में जरूरी जानकारी भरें। निर्धारित फीस का भुगतान करें। आवेदन सबमिट करने के बाद कंफर्मेशन पेज डाउनलोड कर लें। मिड एंट्री राउंड उन छात्रों के लिए एक सुनहरा मौकाा है जो किसी वजह से पहले चरण में डीयू में दाखिले के लिए आवेदन नहीं कर पाए थे।