भारतीय नागरिक अमृतपाल सिंह को US फ़ेडरल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (FBI) की ‘मोस्ट वांटेड’ लिस्ट में शामिल किया गया है। उस पर उत्तरी अमेरिका में चल रहे एक इंटरनेशनल ड्रग तस्करी सिंडिकेट में शामिल होने का आरोप है।
ब्यूरो के अनुसार, सिंह को वैंकूवर, कनाडा में स्थित ‘रविंदर ढांडा ऑर्गनाइज़्ड क्राइम ग्रुप’ में उसकी कथित भूमिका के लिए वांटेड घोषित किया गया है। यह सिंडिकेट कथित तौर पर US, कनाडा और मैक्सिको में काम करने वाले ड्रग तस्करी करने वाले ग्रुप्स के लिए भारी मात्रा में कोकीन और मेथामफेटामाइन की तस्करी करता था।
रविंदर ढांडा गैंग के ख़िलाफ़ बड़ी कार्रवाई
FBI ने बताया कि सिंह पर ऑर्गनाइज़्ड क्राइम नेटवर्क के हिस्से के तौर पर कोकीन और मेथामफेटामाइन की तस्करी की साज़िश में शामिल होने का आरोप है। सिंह को ‘मोस्ट वांटेड’ लिस्ट में तब शामिल किया गया है जब ‘ऑपरेशन हार्डबॉल’ के तहत रविंदर ढांडा गैंग के ख़िलाफ़ बड़ी कार्रवाई चल रही है। इस ऑपरेशन का मकसद उत्तरी अमेरिका में सिंडिकेट के कथित ड्रग तस्करी के काम को खत्म करना है।
लॉस एंजेल्स की एक अदालत ने 23 जून को सिंह के ख़िलाफ़ फ़ेडरल अरेस्ट वारंट जारी किया था। अधिकारियों ने सिंह के अभी कहाँ होने की जानकारी नहीं दी है। FBI ने सिंह की पहचान 7 जनवरी 1996 को जन्मे भारतीय नागरिक के तौर पर की है और उसकी पहचान में मदद के लिए 2024 में ली गई एक फ़ोटो जारी की है। लोगों से अपील की गई है कि वे सिंह के ठिकाने के बारे में कोई भी जानकारी तुरंत दें। इस जाँच की अगुवाई FBI का लॉस एंजिल्स फ़ील्ड ऑफ़िस कर रहा है।
READ MORE: देश की पहली ‘वंदे भारत फ्रेट ट्रेन’ का टेक्निकल ट्रायल शुरू, पहले ही दिन पकड़ी 145 किमी/घंटा की रफ्तार