Marriage Scam: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर नाम बदलकर कई युवतियों को प्रेम और शादी के जाल में फंसाने का आरोप है। नैहाटी थाने की पुलिस ने आरोपी मोनिउर रहमान उर्फ मानिक राय को एक युवती की शिकायत के आधार पर हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पर 15 युवतियों से शादी करने और उनसे पैसे और गहने लेने के बाद फरार होने के आरोप लगे हैं।
मैट्रिमोनियल साइट से शुरू हुई पहचान
शिकायत करने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात करीब तीन महीने पहले एक मैट्रिमोनियल साइट के जरिए मानिक उर्फ मोनिउर रहमान से हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। युवती का आरोप है कि आरोपी ने इमोशनल दबाव बनाकर पहले पैसों की मांग की और बाद में गहने भी मांगे। शिकायत के अनुसार उसने आरोपी को लगभग 85 हजार रुपये और एक सोने का ब्रेसलेट दिया। आरोपी लगातार शादी का भरोसा देता रहा।
प्रेम संबंध का भरोसा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मोनिउर रहमान अलग-अलग नामों का इस्तेमाल कर महिलाओं से संपर्क करता था। आरोप है कि वह प्रेम संबंध और शादी का भरोसा देकर उनका विश्वास जीतता, फिर उनसे पैसे और जेवर लेता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी को उस समय पकड़ा गया जब वह एक अन्य युवती को भी इसी तरह ठगने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस की जांच जारी
नैहाटी थाना पुलिस अब उन महिलाओं से संपर्क करने की तैयारी में है, जिनके साथ आरोपी के विवाह या संबंधों की बात सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने कितनी महिलाओं को निशाना बनाया तथा कितनी रकम और गहने हासिल किए। पुलिस आरोपी की गतिविधियों और उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।अधिकारियों का कहना है कि शिकायतों की संख्या बढ़ सकती है, इसलिए संभावित पीड़ितों से आगे आने की अपील की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read More:

