दिल्ली में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग ने बड़ा ऐलान किया है। राजधानी में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए 30 जून से विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। इस प्रक्रिया के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार ने इसकी पूरी जानकारी दी।
30 जून से शुरू होगा सत्यापन अभियान
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया 30 जून से शुरू होकर 29 जुलाई तक चलेगी। इस दौरान राजधानी के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाना है, ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम छूटे नहीं और गलत प्रविष्टियों को हटाया जा सके।
घर-घर जाएंगे BLO
चुनाव अधिकारी के मुताबिक, सत्यापन प्रक्रिया के दौरान बूथ लेवल ऑफिसर घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी की जांच करेंगे। मतदाताओं को एनुमरेशन फॉर्म दिए जाएंगे, जिन्हें भरकर वापस जमा करना होगा। मतदाताओं को फॉर्म की दो प्रतियां दी जाएंगी। इनमें से एक प्रति भरकर बीएलओ को लौटानी होगी। इसके अलावा लोग ऑनलाइन माध्यम से भी फॉर्म जमा कर सकेंगे।
13 हजार से ज्यादा BLO की ड्यूटी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, इस अभियान के लिए 13 हजार से अधिक BLO तैनात किए गए हैं। बीएलओ को 20 जून से 29 जून के बीच विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसी दौरान एनुमरेशन फॉर्म और अन्य जरूरी दस्तावेजों की छपाई जैसे आंतरिक कार्य भी पूरे किए जाएंगे।
राजनीतिक दलों की भी रहेगी भागीदारी
मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में राजनीतिक दलों को भी शामिल किया जाएगा। बूथ लेवल एजेंट (BLA) के माध्यम से पार्टियां सत्यापन प्रक्रिया पर नजर रख सकेंगी उन्होंने कहा कि प्रक्रिया के हर चरण में जांच और संतुलन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
मतदाताओं के लिए लगाए जाएंगे विशेष शिविर
मतदाताओं की सुविधा के लिए दिल्ली में विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे। इन शिविरों में लोगों को फॉर्म भरने और जमा कराने में सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस प्रक्रिया में भाग ले सकें।
1 अक्टूबर तक 18 साल पूरे करने वाले होंगे शामिल
चुनाव अधिकारी ने बताया कि इस विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया में ऐसे सभी नागरिकों को शामिल किया जाएगा, जो 1 अक्टूबर तक 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के हो जाएंगे। इससे नए मतदाताओं को सूची में शामिल करने में मदद मिलेगी और अधिक युवाओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ा जा सकेगा।
5 अगस्त को आएगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 5 अगस्त को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद आपत्तियां और सुझाव लेने की प्रक्रिया शुरू होगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर को किया जाएगा। इसके बाद नई वोटर लिस्ट आधिकारिक रूप से लागू हो जाएगी।

