Nitin Naveen Uttarakhand Visit: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन गुरुवार से तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला देहरादून दौरा है, जिसे लेकर पार्टी संगठन ने व्यापक तैयारियां की हैं। भाजपा इस दौरे को मजबूती और आगामी रणनीति के लिहाज से बेहद अहम मान रही है।
पहले दिन होंगी अहम बैठकें
नितिन नवीन शाम 4:35 बजे देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय जाएंगे, जहां शाम 6:15 बजे कोर कमेटी की बैठक लेंगे। इसके तुरंत बाद मंत्रियों के साथ अलग बैठक आयोजित की जाएगी। एयरपोर्ट से भाजपा मुख्यालय तक करीब 25 स्थानों पर उनके स्वागत की तैयारी की गई है। पार्टी कार्यकर्ता पारंपरिक अंदाज में उनका अभिनंदन करेंगे, जिसमें महिला और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी शामिल रहेंगे।
CM धामी से करेंगे मुलाकात
शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय अध्यक्ष सबसे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बीसी खंडूड़ी के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और परिवार से भेंट करेंगे। इसके बाद उनका कार्यक्रम राजपुर रोड स्थित वेलकम होटल में रहेगा, जहां सुबह 11 बजे से बैठकों का सिलसिला शुरू होगा।
सांसदों-विधायकों संग होगी चर्चा
वेलकम होटल में सबसे पहले सांसदों और विधायकों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद दोपहर दो बजे प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, महामंत्रियों, जिला प्रभारियों, सह प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। भाजपा इस दौरान आगामी चुनावी रणनीति और बूथ स्तर की मजबूती पर फोकस करेगा।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी संवाद
शाम चार बजे से राष्ट्रीय अध्यक्ष महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत पदाधिकारियों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी सेल और प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ अलग बैठक आयोजित होगी। पार्टी डिजिटल और जनसंपर्क रणनीति पर भी मंथन करेगी।
ऋषिकेश में संतों के साथ करेंगे संवाद
शाम को नितिन नबीन परमार्थ निकेतन पहुंचेंगे, जहां गंगा आरती में शामिल होंगे। इस दौरान संतों के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। भाजपा इसे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जुड़ाव के रूप में देख रही है।
अंतिम दिन बूथ स्तर पर फोकस
शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद वह गढ़ी कैंट क्षेत्र में बूथ अध्यक्ष के घर जलपान करेंगे और बूथ समिति की बैठक में हिस्सा लेंगे। भाजपा का फोकस इस दौरान बूथ स्तर के संगठन को मजबूत करने पर रहेगा।
युवा संवाद कार्यक्रम में होंगे शामिल
शनिवार सुबह वह सिंघनीवाला स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित कॉन्क्लेव में भाग लेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। दौरे के अंतिम चरण में संगठन और युवाओं के बीच संवाद को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
शाम को दिल्ली लौटेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष
तीन दिवसीय कार्यक्रम समाप्त करने के बाद नितिन नबीन शनिवार शाम 4:35 बजे देहरादून एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। भाजपा इस दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से अहम मान रही है और इसे आगामी राजनीतिक तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
Read More:

