बिहार(Bihar) में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। बिहार पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (SI) यानी दारोगा बनने का सपना देख रहे हजारों उम्मीदवार आज आयोजित हो रही मुख्य लिखित परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) की ओर से गृह विभाग के अंतर्गत पुलिस अवर निरीक्षक के 1799 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए यह परीक्षा कराई जा रही है। परीक्षा को लेकर राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्य परीक्षा एक ही दिन में दो अलग-अलग शिफ्ट में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से शुरू होकर दोपहर 12 बजे तक चलेगी। वहीं दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शुरू होगी और शाम 4:30 बजे समाप्त होगी। परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचने को लेकर अभ्यर्थियों को पहले ही दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
रिपोर्टिंग टाइम को लेकर सख्त निर्देश
BPSSC ने स्पष्ट किया है कि सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से लगभग डेढ़ घंटा पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। देर से पहुंचने वाले उम्मीदवारों को किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
-
पहली पाली के उम्मीदवारों को सुबह 8:30 बजे तक केंद्र पर पहुंचना होगा।
-
दूसरी पाली के परीक्षार्थियों के लिए दोपहर 1 बजे तक रिपोर्ट करना जरूरी रहेगा।

