क्वाड देशों की विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को लेकर कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि बैठक से पहले सदस्य देशों की टीमों ने जिस तरह काम किया, उसके कारण ऐसे फैसले सामने आए हैं जिनका असर पूरे क्षेत्र और दुनिया पर दिखाई देगा।
इंडो-पैसिफिक समुद्री निगरानी सहयोग पहल की शुरुआत
मार्को रूबियो ने कहा कि क्वाड देशों ने “इंडो-पैसिफिक समुद्री निगरानी सहयोग पहल” शुरू करने का फैसला किया है। इस पहल के जरिए सदस्य देश अपनी समुद्री निगरानी क्षमताओं और सूचनाओं का आदान-प्रदान करेंगे, जिससे इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि यह पहल समुद्री गतिविधियों पर बेहतर नजर रखने और रणनीतिक समन्वय बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।
#WATCH क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा, "आज मैं बहुत खुश हूँ कि हमारी टीमों ने इस बातचीत से पहले जो काम किया है, उसके परिणामस्वरूप हमारे पास कुछ ऐसे ठोस और हासिल किए जा सकने वाले परिणाम हैं, जिनकी घोषणा हम अपने-अपने देशों और पूरी… pic.twitter.com/MZiHCVyIjP
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 26, 2026
समुद्री क्षेत्र जागरूकता पहल का भी विस्तार
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने “इंडो-पैसिफिक मैरीटाइम डोमेन अवेयरनेस इनिशिएटिव” के विस्तार का भी ऐलान किया। उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के देशों को लगभग रियल टाइम में समुद्री गतिविधियों से जुड़ा डेटा उपलब्ध कराया जाएगा। मार्को रूबियो के मुताबिक इससे समुद्री मार्गों की निगरानी, अवैध गतिविधियों पर नजर और क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग को नई मजबूती मिलेगी।
भारत की भूमिका की भी सराहना
मार्को रूबियो ने भारत का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि भारत ने “क्वाड एट सी” मिशन के अगले चरण की मेजबानी करने का वादा किया है। उन्होंने बताया कि इस मिशन के तहत क्वाड देशों के कोस्ट गार्ड एक साथ एक ही जहाज पर मिलकर अभ्यास करेंगे।
#WATCH दिल्ली | क्वाड के विदेश मंत्रियों ने जॉइंट प्रेस स्टेटमेंट दिया।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा, "हमने अभी-अभी क्वाड के विदेश मंत्रियों की एक बहुत ही सार्थक और उपयोगी बैठक समाप्त की है। ज़्यादातर चर्चाएं दुनिया के मौजूदा हालात पर ही केंद्रित थी। हमने स्वाभाविक रूप से… pic.twitter.com/RgFUKtRgB3
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 26, 2026
इंडो-पैसिफिक पर केंद्रित रही बैठक
इस बैठक के बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि क्वाड देशों के बीच हुई चर्चा बेहद सार्थक और उपयोगी रही। उन्होंने कहा कि इंडो-पैसिफिक क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया गया क्योंकि क्वाड के चारों देश समुद्री लोकतंत्र हैं और इस क्षेत्र में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Read More
पंजाब निकाय चुनाव में मतदान जारी, सुबह 10 बजे तक 13.5% वोटिंग हुई दर्ज

