गोवा से चंडीगढ़ आ रही इंडिगो की फ्लाइट में सोमवार को लैंडिंग के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। फ्लाइट के अंदर अचानक एक यात्री का मोबाइल पावर बैंक फट गया, जिससे विमान में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में अब तक 5 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जबकि घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
आग के बाद हुआ धमाका
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट संख्या 6E-108 में सीट नंबर 39-F पर बैठे देवांश नाम के यात्री के पावर बैंक में अचानक आग लग गई। यात्री ने तुरंत इसकी सूचना केबिन क्रू को दी, लेकिन कुछ ही पलों में पावर बैंक में तेज धमाका हो गया। फ्लाइट दोपहर 3:32 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर लैंड हुई थी और करीब 3:35 बजे यह हादसा हुआ। घटना के समय विमान में मौजूद यात्रियों के बीच दहशत फैल गई।
विमान में मची भगदड़
धमाके के बाद विमान के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई यात्री घबराकर इमरजेंसी एग्जिट की ओर भागने लगे। इसी दौरान भगदड़ मच गई, जिससे कुछ लोग घायल हो गए। एक महिला यात्री को गंभीर चोट आई है। बताया जा रहा है कि उनके पैर में गंभीर चोट लगी है और उन्हें तुरंत जीरकपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका ऑपरेशन किया जा रहा है।
सुरक्षा को लेकर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर फ्लाइट में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, खासकर पावर बैंक की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, केबिन क्रू की तत्परता और विमान के सुरक्षित लैंड होने की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।
Read More

