इराक की राजधानी बगदाद में सोमवार तड़के एक बड़ा सुरक्षा हादसा सामने आया, जब इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास स्थित मोहम्मद अला एयर बेस(Mohammed Allah Airbase) को रॉकेट हमले का निशाना बनाया गया। यह हमला 30 मार्च 2026 को करीब 1:55 बजे हुआ। इस हमले में इराकी वायु सेना का एक मालवाहक विमान पूरी तरह तबाह हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। रक्षा मंत्रालय ने घटना की पुष्टि करते हुए इसे एक आपराधिक कार्रवाई करार दिया है।
तलाशी अभियान शुरू
हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेरकर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस हमले में इराकी वायु सेना के 23वें स्क्वाड्रन का एंटोनोव-132 (A32B) विमान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
सुरक्षा बलों ने बगदाद के बाहरी क्षेत्र जसर दियाला से तीन रॉकेट लॉन्चर भी बरामद किए हैं। जांच में यह भी पुष्टि हुई है कि हमले में 122 मिमी ग्रैड रॉकेट का इस्तेमाल किया गया था। घटना के बाद बगदाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और आसपास के सैन्य ठिकानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।
रक्षा मंत्रालय ने अपने बयान में क्या कहा ?
इराक के रक्षा मंत्रालय ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे देश की संप्रभुता पर सीधा हमला बताया है। मंत्रालय के अनुसार, मोहम्मद अला एयर बेस पूरी तरह इराकी सेना का ठिकाना है और वहां किसी विदेशी सेना की मौजूदगी नहीं है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस हमले के जिम्मेदार लोगों को जल्द ही पकड़कर कानून के तहत कड़ी सजा दी जाएगी। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की पहचान और हमले के पीछे की साजिश का पता लगाने में जुटी हुई हैं।