अगर आपका घर या दुकान का इंटरनेट डेटा(Internet Data) हर महीने अधूरा रह जाता है, तो अब उसे बेकार जाने देने की जरूरत नहीं। PM-WANI योजना के जरिए आप अपने बचे हुए इंटरनेट डेटा को पब्लिक वाई-फाई हॉटस्पॉट में बदलकर पैसे कमा सकते हैं। यह योजना खासतौर पर उन लोगों के लिए है जो छोटे स्तर पर अपना डिजिटल काम शुरू करना चाहते हैं।
बिना लाइसेंस के करें शुरुआत
इस योजना की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसके लिए किसी लाइसेंस की जरूरत नहीं और न ही भारी निवेश करना पड़ेगा। बस आपके पास एक सामान्य ब्रॉडबैंड कनेक्शन और वाई-फाई राउटर होना चाहिए। सरकार का मकसद साफ है – एक तरफ लोगों को किफायती इंटरनेट मिले और दूसरी तरफ छोटे कारोबारियों को कमाई का नया जरिया।
बचा हुआ डेटा बन सकता है इनकम का साधन
अक्सर देखा जाता है कि घर या दुकान में खरीदा गया इंटरनेट पूरा इस्तेमाल नहीं होता। इस योजना के जरिए यही बचा हुआ डेटा दूसरों को उपलब्ध कराया जा सकता है। उदाहरण के लिए, कोई दुकानदार अपने ग्राहकों को कम कीमत पर इंटरनेट देता है। यूजर से ली गई छोटी-छोटी रकम महीने के आखिर में अच्छी कमाई में बदल सकती है। समय के साथ यह एक स्थिर और भरोसेमंद इनकम का जरिया भी बन सकता है।
यूजर्स के लिए सस्ते और किफायती प्लान
PM-WANI योजना में इंटरनेट प्लान बेहद सस्ते रखे गए हैं। यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से छोटे या बड़े प्लान चुन सकते हैं, जबकि डेटा प्रदाता अपने हिसाब से प्लान डिजाइन कर सकता है।
कैसे करें शुरू ?
सबसे पहले आपके पास एक ब्रॉडबैंड कनेक्शन होना चाहिए – जैसे Reliance Jio, BSNL या Bharti Airtel। बेहतर होगा कि आप अनलिमिटेड डेटा वाला प्लान लें। इसके बाद अपने इंटरनेट को कई लोगों के साथ शेयर करने के लिए हॉटस्पॉट सिस्टम लगाएं। फिर किसी अधिकृत PDOA प्लेटफॉर्म से जुड़ें, जो यूजर लॉगिन, OTP और प्लान मैनेजमेंट की सुविधा देता है। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद आप अपनी वाई-फाई सेवा चालू करके कमाई शुरू कर सकते हैं।