शनिवार, 14 मार्च को दिल्ली-कानपुर नेशनल हाईवे(Delhi-Kanpur Highway) पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार में जा रही एक बस अचानक अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई, जिससे बस चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस हादसे में 30 से 40 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घायलों को तुरंत स्थानीय पुलिस और बचाव दल की मदद से बस के इमरजेंसी डोर और खिड़कियों से बाहर निकाला गया। जानकारी के अनुसार, यह बस नासिक से नेपाल जा रही थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने बस चालक का शव कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मृतक के परिवार को भी सूचित कर दिया गया है।
घायलों को तुरंत भेजा गया अस्पताल
घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। यह हादसा पनकी थाना क्षेत्र के सरायमीता इलाके में हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद लोगों ने बचाव कार्य में मदद की और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
हादसा इतना भयंकर था कि बस और ट्रक के टकराने से दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। मलबा सड़क पर दूर-दूर तक फैल गया। बताया जा रहा है कि बस में लगभग 50 से ज्यादा यात्री सवार थे। पुलिस इस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है, हालांकि प्रथम दृष्टया यह बस के अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराने के कारण प्रतीत हो रहा है।