भारत मंडपम में आयोजित ‘AI इंडिया समिट 2026’ के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए शर्टलेस प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। यह घटना शुक्रवार को समिट के पांचवें दिन हुई, जिस पर शनिवार को भी विभिन्न दलों की प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
‘अशोभनीय और निंदनीय’ – मायावती
बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रदर्शन के तरीके की आलोचना की। उन्होंने लिखा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित इस कार्यक्रम के दौरान अर्द्धनग्न होकर विरोध जताना “अति-अशोभनीय व निंदनीय” है। उनका कहना था कि ऐसे आयोजनों में देश की गरिमा और छवि का ध्यान रखा जाना चाहिए।
अखिलेश यादव ने की कड़ी निंदा
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने एआई समिट में हुए प्रदर्शन को लेकर यूथ कांग्रेस पर हमला किया। उन्होंने कहा कि समिट के दौरान हुए प्रदर्शन भारत की छवि को खराब करता है। ऐसे अवसर पर विदेशी प्रतिनिधियों के सामने देश की छवि खराब होना किसी तरह से ठीक नहीं ठहराया जा सकता है।
तेलुगु देशम पार्टी नारा लोकेश ने कसा तंज
तेलुगु देशम पार्टी के नेता और मंगलगिरी विधायक नारा लोकेश ने कहा कि एआई समिट जैसे वैश्विक मंच भारत की तकनीकी प्रगति को प्रदर्शित करने का अवसर होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों से इस कार्यक्रम का बाधित होना देश की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाता है।
केटी राम राव ने INC पर बोला हमला
तेलंगाना में बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी राम राव (केटीआर) ने भी प्रदर्शन की निंदा की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति स्वाभाविक है, लेकिन विरोध जताने का समय और स्थान उपयुक्त होना चाहिए। उनके अनुसार, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन राजनीतिक प्रदर्शनों के लिए सही मंच नहीं है।
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।