Wednesday, February 18, 2026
HomeCurrent Newsछुट्टी के बाद क्लासरूम में बंद रह गया पहली कक्षा का छात्र,...

छुट्टी के बाद क्लासरूम में बंद रह गया पहली कक्षा का छात्र, स्टाफ ताला लगाकर चला गया

एमएच वन न्यूज, जींद : जिले के नरवाना कस्बे में एसडी कन्या महाविद्यालय छुट्टी के बाद स्टाफ ने बिना किसी जांच के सभी कक्षाओं के कमरे में ताला लगा दिया। इस दौरान पहली कक्षा का एक छात्र क्लासरूम में ही बंद होकर रह गया। कक्षाओं के कमरे पर ताला लगाने के बाद स्टाफ के सदस्य भी अपने घर चले गए। स्कूल के बाहर जब बच्चे का चाचा उसे लेने के लिए पहुंचा तो वहां मौजूद कर्मचारी ने उसके घर जाने की बात कही। करीब 2 घंटे बाद बच्चे का चाचा उसे ढूंढते हुए स्कूल के अंदर गया तो बच्चा कमरे के अंदर बंद मिला। इसके बाद बच्चे को बाहर निकाला गया।

घटना सोमवार को नरवाना के एसडी कन्या महाविद्यालय की है। जब परिवार के लोगों ने स्कूल स्टाफ से बात की तो उन्होंने कहा कि बच्चा गलती से अंदर रह गया। चाचा ने बच्चे के कमरे में बंद होने की वीडियो भी बनाई। जिसके बाद मामले की शिकायत शहर थाना पुलिस और एसडीएम को दी गई है।
आजाद नगर निवासी ईश्वर सिंह ने बताया कि उनका बेटा एसडी कन्या महाविद्यालय में पहली कक्षा में पढ़ता है।

सोमवार को छुट्टी के बाद उसका भाई नरेश बच्चे को लेने स्कूल गया था। कुछ देर तक जब बच्चा स्कूल के गेट पर नहीं आया, तो उसने स्कूल के कर्मचारियों से बात की। स्कूल कर्मचारियों ने कहा कि बच्चे को कोई घर ले गया। नरेश ने कहा कि बच्चे को वह ही लेने के लिए आया है। इसके बाद परिवार के लोगों को चिंता होने लगी। स्कूल स्टाफ ने भी बच्चे को तलाशा, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। महिला स्टाफ कर्मचारियों ने कहा कि कमरा बंद करने से पहले उन्होंने आवाज लगाई थी, लेकिन कोई नहीं बोला।

आवाज लगाने पर कमरे से बोला बच्चा

इसके बाद नरेश स्कूल स्टाफ के साथ स्कूल के अंदर पहुंचकर बच्चे को आवाज लगाई। तब बच्चे ने अंदर से उनकी आवाज का जवाब दिया। नरेश ने स्टाफ को जल्दी से कमरे का ताला खोलने को कहा। इसके बाद बच्चा बाहर आया। वह पूरी तरह से घबराया हुआ था। बच्चे ने बताया कि वह 2 घंटे से अंदर फंसा हुआ था। परिवार ने कहा कि इस मामले में ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए कि भविष्य में किसी अन्य बच्चे के साथ ऐसा न हो। उन्होंने सोमवार को ही नरवाना शहर थाना पुलिस को शिकायत दी थी।
दोनों पक्षों ने 2 दिन का समय मांगा

नरवाना शहर थाना के जांच अधिकारी गुरमीत सिंह ने बताया कि इसकी शिकायत पुलिस के पास आई है। दोनों पक्षों ने 2 दिन का समय मांगा है। फिर से दोनों पक्षों को बुलाया जाएगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments