Vijay Saini Murder Case Accused Encounter: हरियाणा के झज्जर जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विजय सैनी हत्याकांड के मुख्य आरोपी संजय को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। पुलिस के अनुसार, लंबे समय से फरार चल रहा आरोपी संजय झज्जर के कडोधा गांव के पास रणखंडा रोड क्षेत्र में पहुंचा था, जहां पहले से घेराबंदी कर रही पुलिस टीम से उसका सामना हो गया। पुलिस को देखते ही उसने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिसकर्मी भी हुए घायल
मुठभेड़ के दौरान आरोपी की गोली सब इंस्पेक्टर संयम के बाजू में लगी। वहीं दो अन्य पुलिसकर्मियों की जान उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बच गई। घायल आरोपी को तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी गई।
आठ टीमें कर रही थीं तलाश
पुलिस के मुताबिक, संजय की गिरफ्तारी के लिए हरियाणा पुलिस की आठ टीमें लगातार अभियान चला रही थीं। वह विजय सैनी हत्याकांड का मुख्य आरोपी था और लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था। उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई थी। डीसीपी धारणा यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई। घायल होने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
क्या है विजय सैनी हत्याकांड़?
31 मई 2026 को झज्जर जिले के दुजाना गांव में संजय ने जमीनी विवाद और गवाही को दबाने के उद्देश्य से विजय सैनी पर अंधाधुंध गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हरियाणा पुलिस ने स्पेशल टास्क फोर्स को जिम्मेदारी सौंपी थी।
पहले भी कई मामलों में आरोपी था संजय
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, संजय का नाम कई गंभीर आपराधिक मामलों में सामने आ चुका था। वर्ष 2021 में उस पर विजय सैनी के बेटे अनिल की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था। इसके अलावा 2 मार्च 2026 को उसने अपनी पत्नी की हत्या भी की थी। कई संगीन मामलों में आरोपी होने के बावजूद वह लगातार फरार चल रहा था और पुलिस की तलाश सूची में शामिल था।
जांच में जुटी पुलिस
एनकाउंटर के बाद पुलिस ने पूरे घटनास्थल को कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एफएसएल टीम भी मौके से सबूत इकट्ठा कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
Read More:

