Two Wanted KZF Terrorists Deported From Malaysia: पंजाब पुलिस, केंद्रीय एजेंसियों और मलेशिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में प्रतिबंधित संगठन खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (KZF) से जुड़े दो मोस्ट वांटेड आरोपियों को मलेशिया से भारत लाया गया है। गुरुवार सुबह दोनों आरोपी जैसे ही दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे, सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
दो आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंबाला निवासी गुरविंदर सिंह और पटियाला निवासी मनजीत सिंह के रूप में हुई है। जांच एजेंसियों के अनुसार, दोनों आरोपी मलेशिया में रहकर KZF के लिए काम कर रहे थे और भारत विरोधी गतिविधियों से जुड़े नेटवर्क को चला रहे थे।
In a major intelligence-led operation, Punjab Police, with the cooperation of Central Agencies and the Royal Malaysia Police (RMP), successfully secured the deportation of two wanted operatives linked to the banned Khalistan Zindabad Force (KZF) from #Malaysia. The accused were…
— DGP Punjab Police (@DGPPunjabPolice) June 19, 2026
रेलवे इन्फ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने की साजिश
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों पर पंजाब में रेलवे इन्फ्रास्ट्रक्चर और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को निशाना बनाने की साजिश रचने का आरोप है। जांच में सामने आया है कि उनका मुख्य मकसद पंजाब को दहलाना और वहां अशांति फैलाना था।
विदेश से चला रहे थे टेरर फंडिंग नेटवर्क
जांच एजेंसियों का कहना है कि आरोपी केवल साजिश तक सीमित नहीं थे, बल्कि विदेश में बैठकर आतंकी फंडिंग नेटवर्क भी संचालित कर रहे थे। आरोप है कि गुरविंदर सिंह और मनजीत सिंह कई विदेशी बैंक खातों से पंजाब में एक्टिव KZF मॉड्यूल तक धन पहुंचाते थे, जिसका इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों के लिए किया जाता था।
पुरानी जांच से जुड़े मिले तार
पंजाब पुलिस काफी समय से इस नेटवर्क की जांच कर रही थी। इसी की जांच में 23 जनवरी 2026 को श्री फतेहगढ़ साहिब के सिरहिंद और 27 अप्रैल 2026 को पटियाला के शंभू क्षेत्र में रेलवे लाइन पर हुए IED हमलों से जुड़े मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया था। उस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
हथियारों का बड़ा जखीरा हुआ था बरामद
पूर्व कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पास से RPG लॉन्चर, IED, RDX, हैंड ग्रेनेड और अत्याधुनिक पिस्टल समेत बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई थी। जांच के दौरान मिले सबूतों और पूछताछ के आधार पर सुरक्षा एजेंसियां मलेशिया में बैठे इन दोनों आरोपियों तक पहुंचने में सफल रहीं।
पटियाला कोर्ट में किया गया पेश
भारत लाए जाने के बाद 18 जून 2026 को दोनों आरोपियों को पटियाला की अदालत में पेश किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने उन्हें आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पंजाब पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। एजेंसियां इस आतंकी नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने, फंडिंग चैनल की पहचान करने और आरोपियों से जुड़े अन्य सहयोगियों व मददगारों का पता लगाने में जुटी हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।
Read More:

