Tragic Accident in Greater Noida: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में आग बुझाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित एक कंपनी में लगी आग पर काबू पाने के दौरान दीवार और बीम गिरने से पांच दमकलकर्मी उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में दो दमकलकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए हैं। राहत की बात यह है कि घायल सभी कर्मी फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली कंपनी में लगी थी आग
जानकारी के अनुसार, ईकोटेक-3 स्थित ILGIM कंपनी में मंगलवार रात आग लग गई थी। इस कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने का काम होता है। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
आग पर काबू के दौरान गिरी दीवार
देर रात करीब 3 बजे लगी भीषण आग को बुझाने के लिए फायर विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इसी दौरान कंपनी के एक हिस्से की दीवार और बीम अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में फायर ब्रिगेड की दोनों गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं। मलबे की चपेट में आने से पांच दमकलकर्मी घायल हो गए, जिनमें से दो की मौत हो गई।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे के तुरंत बाद घायल दमकलकर्मियों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, तीनों घायल कर्मियों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। घटना के बाद वरिष्ठ प्रशासनिक और फायर विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया।
दीवार गिरने की वजह की होगी जांच
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर आग बुझाने के दौरान कंपनी की दीवार और बीम गिरने को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि, दीवार किन परिस्थितियों में गिरी और हादसे के पीछे कोई तकनीकी या संरचनात्मक कमी थी या नहीं, इसकी जांच की जाएगी।
Read More:

