HomeBreaking Newsकौन है मोहम्मद लतीफ भट? कुलगाम में CRPF पर हमले का मास्टरमाइंड,...

कौन है मोहम्मद लतीफ भट? कुलगाम में CRPF पर हमले का मास्टरमाइंड, लश्कर का वांटेड आतंकी होने का शक

Terrorist Mohammad Latif Bhat: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के अखरान इलाके में बुधवार को आतंकियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाया। AK-47 से लैस दो आतंकियों ने मीर बाजार में चौकी पर तैनात CRPF जवानों पर अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की और आतंकियों के बड़े हमले की कोशिश को नाकाम कर दिया। हालांकि, इस हमले में तीन जवान घायल हो गए। वारदात के बाद दोनों हमलावर जंगल की ओर भाग निकले।

CCTV में कैद हुई हमले की पूरी घटना

हमले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि मीर बाजार में बंद दुकानों के बाहर फुटपाथ पर CRPF के जवान बैठे हुए थे। दोपहर करीब 2:06 बजे अचानक फायरिंग शुरू हो गई। गोलियां जवानों के पास जमीन पर लगीं, जिससे धूल उड़ने लगी।

अचानक हुए हमले के बाद एक जवान अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित जगह की ओर भागता दिखाई देता है। कुछ देर बाद वह हथियार लेकर वापस आता है और जवाबी फायरिंग करते हुए आगे बढ़ता है।

फुटेज में गोलियों की आवाज और जवानों के एक-दूसरे को सतर्क करने की आवाजें भी सुनाई देती हैं। वहीं, कैमरे से दूर एक घायल जवान चिल्लाता सुनाई देता है, ‘हमें गोली लगी है, जल्दी आओ।’ पूरे वीडियो में करीब 25 से 30 राउंड फायरिंग दर्ज हुई है।

कौन है मोहम्मद लतीफ भट?

सुरक्षा एजेंसियों के सूत्रों को शक है कि इस हमले के पीछे लश्कर-ए-तैयबा का स्थानीय आतंकवादी मोहम्मद लतीफ भट हो सकता है। वह दक्षिण कश्मीर में सक्रिय वांटेड आतंकियों में शामिल बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, हमले का तरीका उन पिछली वारदातों से मिलता-जुलता है, जिनमें लतीफ भट का नाम सामने आया था।

सूत्रों को आशंका है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस हमले की साजिश रची हो सकती है। उसके साथ किसी पाकिस्तानी आतंकवादी के मौजूद होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है। हालांकि, इन सभी पहलुओं की जांच जारी है और अभी तक हमलावरों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। किसी भी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी भी नहीं ली है।

5 साल तक लश्कर के ओवरग्राउंड नेटवर्क से जुड़ा रहा

जानकारी के मुताबिक, सक्रिय आतंकवादी बनने से पहले मोहम्मद लतीफ भट करीब पांच वर्षों तक दक्षिण कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के ‘ओवर ग्राउंड नेटवर्क’ से जुड़ा हुआ था। वह सुरक्षा एजेंसियों की नजर में उस समय आया, जब अमरनाथ यात्रा के दौरान अनंतनाग के लाल चौक पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर की हत्या हुई थी। इसके बाद से उसका नाम आतंकी गतिविधियों से जुड़ता रहा है।

तीन CRPF जवान घायल

इस हमले में घायल तीनों जवानों की पहचान सामने आ गई है। पश्चिम बंगाल के कांस्टेबल संतोष चंद्रू को पेट और रीढ़ की हड्डी में गोली लगी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, असम के कांस्टेबल राकेश दास के पैर और मध्य प्रदेश के हेड कांस्टेबल सोमवीर सिंह की बांह में गोली लगी है। दोनों की हालत स्थिर है।

आतंकियों की तलाश में बड़े स्तर पर अभियान

हमले के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए हैं और बख्तरबंद गाड़ियां तैनात की गई हैं। BSF, कश्मीर पुलिस और एसओजी की टीमें आतंकियों की तलाश में अभियान चला रही हैं। आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

आतंकी नेटवर्क पर बढ़ते दबाव के बीच हमला

पिछले कुछ महीनों में सुरक्षा एजेंसियों ने दर्जनों संदिग्ध ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGW) को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा कई संदिग्ध स्लीपर सेल मॉड्यूल का पर्दाफाश किया गया है और कम से कम आठ आतंकी ठिकाने नष्ट किए गए हैं। इन अभियानों में बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री भी बरामद हुई है।

सूत्रों का मानना है कि सीमा पार बैठे आतंकी आकाओं और उनके स्थानीय नेटवर्क पर बढ़ते दबाव के कारण आतंकवादी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए ऐसी वारदातों को अंजाम दे सकते हैं। जांच एजेंसियां पता लगा रही हैं कि कुलगाम का हमला भी किसी ऐसे ही निर्देश के तहत किया गया था या नहीं।

Read More:

दिल्ली की हवा बनी जानलेवा! AQI 300 पार, बारिश की उम्मीद भी खत्म, प्रदूषण से राहत कब?

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments