Shri Kedarnath Dham Yatra Helicopter Ticket Booking: चारधाम यात्रा 2026 की शुरुआत के साथ ही केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर टिकटों की मांग तेजी से बढ़ी है, लेकिन इसी के साथ धोखाधड़ी के मामले भी सामने आने लगे हैं। उत्तराखंड प्रशासन और साइबर एजेंसियों ने तीर्थयात्रियों को अलर्ट करते हुए बताया है कि फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया पोस्ट और व्हाट्सऐप मैसेज के जरिए टिकट बुकिंग के नाम पर लोगों से ठगी की जा रही है।
फर्जी प्लेटफॉर्म से रहें सावधान
प्रशासन के अनुसार, कई जालसाज खुद को अधिकृत एजेंट बताकर गारंटीड टिकट या VIP दर्शन का लालच देते हैं। इन झूठे दावों के जरिए यात्रियों से हजारों से लेकर लाखों रुपये तक वसूले जा रहे हैं। हाल के दिनों में ऐसे कई फर्जी कॉल सेंटर और वेबसाइट्स का खुलासा हुआ है, जो इस तरह की ठगी में शामिल थे।
क्या है सरकारी बुकिंग सिस्टम
चारधाम यात्रा के लिए सरकार ने स्पष्ट और आधिकारिक बुकिंग प्रक्रिया तय की है। यात्रा के लिए सबसे पहले Uttarakhand Tourist Care Portal पर रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य है। इसके बाद ही केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर टिकट IRCTC HeliYatra पोर्टल के माध्यम से बुक किए जा सकते हैं। सरकारी गाइडलाइन्स के मुताबिक, टिकट बुकिंग के लिए केवल यही अधिकृत प्लेटफॉर्म है, किसी भी एजेंट या अन्य वेबसाइट को मान्यता नहीं दी गई है।
रजिस्ट्रेशन है पहली जरूरी शर्त
यात्रियों को सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल पर अपने मोबाइल नंबर और पहचान पत्र के जरिए रजिस्ट्रेशन करना होता है। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद यात्रा पास डाउनलोड करना जरूरी है, क्योंकि बिना इसके आगे की प्रक्रिया संभव नहीं होती।
हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग का सही तरीका
रजिस्ट्रेशन के बाद IRCTC HeliYatra पोर्टल पर अकाउंट बनाना होता है, जिसमें मोबाइल नंबर और ईमेल के जरिए OTP वेरिफिकेशन पूरा किया जाता है। इसके बाद यात्री अपनी यात्रा के लिए रूट चुन सकते हैं, जिसमें सिरसी, फाटा और गुप्तकाशी जैसे विकल्प उपलब्ध होते हैं। फिर यात्रा की तारीख, समय और यात्रियों की जानकारी भरकर टिकट बुक की जाती है।
पेमेंट में बरतें खास सावधानी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भुगतान केवल आधिकारिक पेमेंट गेटवे जैसे कार्ड, नेट बैंकिंग या UPI के माध्यम से ही करना चाहिए। किसी भी व्यक्तिगत मोबाइल नंबर या QR कोड पर भुगतान करने से बचें, क्योंकि यही फ्रॉड का सबसे आम तरीका बन गया है।
टिकट और पहचान पत्र जरूरी
बुकिंग पूरी होने के बाद कन्फर्म टिकट डाउनलोड करना जरूरी है और यात्रा के दौरान वैध पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य है। इससे किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सकता है।
हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर धोखाधड़ी के मामले बढ़े
हाल ही में केदारनाथ यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपियों को रुद्रप्रयाग की अदालत ने दोषी करार दिया है। इस घटना ने यह साफ कर दिया है कि इस तरह के फ्रॉड संगठित रूप से किए जा रहे हैं और यात्रियों को सतर्क रहने की जरूरत है। उत्तराखंड प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल सरकारी पोर्टल्स का ही इस्तेमाल करें और किसी भी संदिग्ध ऑफर या लिंक पर भरोसा न करें। थोड़ी सी लापरवाही भारी आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है।
Read More:
हिमाचल में भीषण सड़क हादसा, हाइड्रा मशीनरी से टकराई तेज रफ्तार कार, 3 युवकों की मौत

