HomeBreaking Newsशिंजो आबे की याद में भावुक हुईं पत्नी, वाराणसी में फोटो गैलरी...

शिंजो आबे की याद में भावुक हुईं पत्नी, वाराणसी में फोटो गैलरी का किया लोकार्पण, मंच पर छलके आंसू

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे(Shinzo Abe) की पत्नी आकिए आबे बुधवार को वाराणसी पहुंचीं। सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में उन्होंने अपने दिवंगत पति की याद में तैयार की गई फोटो गैलरी का उद्घाटन किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।

फोटो गैलरी के लोकार्पण के दौरान आकिए आबे अपने पति को याद कर भावुक हो गईं और मंच पर ही उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्हें इस तरह भावुक देखकर कार्यक्रम में मौजूद लोग भी कुछ देर के लिए गमगीन हो गए।

2015 की काशी यात्रा की तस्वीरें

इस फोटो प्रदर्शनी में शिंजो आबे की दिसंबर 2015 में हुई वाराणसी यात्रा से जुड़ी तस्वीरों को जगह दी गई है। उस समय जापान के प्रधानमंत्री रहते हुए शिंजो आबे काशी आए थे। अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने गंगा आरती में हिस्सा लिया था।

उस दौरे की कई यादगार तस्वीरों को अब एक गैलरी के रूप में प्रदर्शित किया गया है। बुधवार दोपहर करीब दो बजे रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में इसका औपचारिक लोकार्पण किया गया।

‘मेरे पति आज होते तो बहुत खुश होते’

कार्यक्रम में आकिए आबे ने शिंजो आबे को याद करते हुए कहा कि अगर उनके पति आज मौजूद होते, तो वह इस अवसर पर बेहद खुश होते। उन्होंने बताया कि काशी में बने इस महत्वपूर्ण केंद्र की पहल शिंजो आबे से जुड़ी रही थी। आकिए आबे ने कहा कि पति का साथ न होना उनके लिए बेहद दुखद है।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जापान यात्रा के दौरान इस सेंटर के निर्माण को लेकर चर्चा हुई थी। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर को भारत और जापान के बीच सांस्कृतिक संबंधों की एक महत्वपूर्ण कड़ी के तौर पर देखा जाता है। शिंजो आबे की काशी यात्रा से जुड़ी तस्वीरों की यह प्रदर्शनी दोनों देशों के बीच पुराने संबंधों और उनकी साझा यादों को भी सामने लाती है।

यह भी पढ़ें : चलती ट्रेन में चढ़ते वक्त फिसला दिव्यांग यात्री का पैर, RPF जवान ने ऐसे बचाई जान…

RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments