Ram Mandir Donation Theft Case: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले की जांच अब अपने आखिरी चरण में पहुंच चुकी है। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) शनिवार को लगातार छठे दिन जांच के लिए मंदिर पहुंची है। यहां जांच पूरी करने के बाद टीम आज लखनऊ लौट सकती है। सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक रिपोर्ट जल्द ही राज्य सरकार को सौंपी जाएगी और सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को रिपोर्ट पेश किए जाने की संभावना है।
150 संदिग्धों के नाम सामने आए
SIT की जांच में अब तक करीब 150 संदिग्धों के नाम सामने आए हैं। इनमें से लगभग 25 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। जांच एजेंसी 50 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है। जिन लोगों से पूछताछ की गई है, उन्हें अगले आदेश तक अयोध्या छोड़कर बाहर न जाने की चेतावनी भी दी गई है।
चंपत राय और अनिल मिश्रा पर कार्रवाई?
सूत्रों के मुताबिक, राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के खिलाफ कार्रवाई लगभग तय मानी जा रही है। दोनों को उनके पदों से हटाया जा सकता है। इसके अलावा मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है और उन्हें जिम्मेदारी से हटाया जा सकता है।
अलग-अलग हुई पूछताछ
शुक्रवार को SIT ने मंदिर परिसर में करीब छह घंटे तक जांच की। इस दौरान चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव से अलग-अलग पूछताछ की गई। जांच टीम ने दान राशि से जुड़े वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल करते हुए SBI बैंक के मैनेजर और कैशियर से भी सवाल-जवाब किए।
सोमेश आनंद की तलाश जारी
जांच के दौरान SIT गोपाल राव के भतीजे और राम मंदिर कर्मचारी सोमेश आनंद से भी पूछताछ करना चाहती थी, लेकिन वह टीम के सामने पेश नहीं हुए। सूत्रों के अनुसार, उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहा है, जिसके चलते जांच एजेंसी उनकी तलाश में जुटी हुई है।
2 करोड़ रुपये की रिकवरी
चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार किए गए लवकुश, अवनीश, अनुकल्प, करुणे और रामशंकर उर्फ टिन्नू की निशानदेही पर अब तक करीब 2 करोड़ रुपये की बरामदगी की जा चुकी है। ये सभी लोग मंदिर में दान राशि की गिनती से जुड़ी जिम्मेदारियों का फायदा उठाते थे।
टिन्नू के घर से मिला सोना
मंदिर ट्रस्ट के कर्मचारी रामशंकर उर्फ टिन्नू के घर से 13 जून को सोना भी बरामद किया गया था। हालांकि, बरामद सोने की मात्रा को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। SIT अब बरामद नकदी और सोने के स्रोतों की भी जांच कर रही है।
Read More:

