उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ(Lucknow) में रविवार तड़के हुई तेज बारिश से कई इलाकों में हालात बिगड़ गए। करीब सुबह 3 बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। जानकीपुरम, भूतनाथ, टेढ़ी पुलिया और इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे सहित कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गईं। कुछ रिहायशी कॉलोनियों में पानी 2 से 4 फीट तक पहुंच गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश का सबसे अधिक असर जानकीपुरम इलाके में देखने को मिला। यहां कई घरों के मुख्य दरवाजों और ग्राउंड फ्लोर तक पानी पहुंच गया। पानी बढ़ने के बाद लोगों को अपना जरूरी सामान सुरक्षित जगह पर रखने के साथ ऊपरी मंजिलों का सहारा लेना पड़ा। कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई, जिससे लोगों के सामने पीने के पानी की समस्या खड़ी हो गई। जलभराव के कारण कुछ कॉलोनियों का मुख्य सड़कों से संपर्क भी बाधित रहा।
राहत कार्य में जुटी नगर निगम की टीमें
स्थिति बिगड़ने के बाद नगर निगम की टीमें प्रभावित इलाकों में पहुंचीं। भूतनाथ मार्केट सहित कई स्थानों का अधिकारियों ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। अपर नगर आयुक्त अभिनव रंजन श्रीवास्तव और जोनल अधिकारी विकास सिंह ने जल निकासी और राहत व्यवस्था का जायजा लिया।
CM योगी ने दिए जरूरी निर्देश
बारिश से हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों में जाकर स्थिति का जायजा लेने को कहा। साथ ही जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का तत्काल आकलन कर प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने लोगों से खराब मौसम में सतर्क रहने और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है। उन्होंने नदियों और जलाशयों से भी दूर रहने की सलाह दी है।