Punjab SIR 2026: भारत निर्वाचन आयोग ने पंजाब में मतदाता सूचियों के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर के पहले से घोषित शड्यूल में बदलाव करते हुए नया शेड्यूल जारी किया है। अब घर-घर जाकर मतदाताओं का हाउस-टू-हाउस एन्यूमरेशन 3 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। पहले यह प्रक्रिया 25 जुलाई तक पूरी होनी थी। वहीं, फॉर्म जमा करने की आखिरी तारीख भी बढ़ाकर 3 अगस्त कर दी गई है।
रैशनलाइजेशन की प्रक्रिया भी होगी पूरी
बदले गए शेड्यूल के अनुसार इसी समय के दौरान राज्य के सभी मतदान केंद्रों के रैशनलाइजेशन का काम भी पूरा किया जाएगा। इस बदलाव का उद्देश्य मतदाता सूची के संशोधन और मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की प्रक्रिया को तय समय में प्रभावी ढंग से पूरा करना है।
13 अगस्त को जारी होगी प्रारंभिक मतदाता सूची
पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि संशोधित शेड्यूल के तहत राज्य की मतदाता सूचियों का ड्राफ्ट इलेक्ट्रोल रोल 13 अगस्त 2026 को प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद मतदाता अपने नाम, पते या अन्य विवरणों में संशोधन, नए नाम जोड़ने या किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज कराने के लिए 13 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे।
8 अक्टूबर तक होगा दावों और आपत्तियों का निपटारा
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 13 अगस्त से 8 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। सभी दावों और आपत्तियों के निपटारे के बाद अंतिम मतदाता सूची 12 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर
अनिंदिता मित्रा ने कहा, “मतदाता सूची का विशेष गहन संशोधन निर्वाचन प्रक्रिया का एक अहम चरण है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक और त्रुटिरहित बनाना है।” उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग घर-घर जाकर मतदाताओं का वेरिफिकेशन कर रहा है, ताकि किसी भी सही नागरिक का नाम लिस्ट से छूटने न पाए और न काबिल या दोहराव वाले नामों को हटाया जा सके।
काबिल नागरिकों से की यह अपील
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राज्य के सभी काबिल नागरिकों से इस विशेष गहन संशोधन अभियान में भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा, “प्रत्येक मतदाता को अपने नाम, पते और दूसरी सारी जानकारी होनी चाहिए और जरूरत होने पर निर्धारित अवधि के दौरान दावा या आपत्ति दर्ज करानी चाहिए।”
ट्रांसपेरेंट इलेक्शन के लिए जरूरी है सही वोटिंग लिस्ट
उन्होंने कहा, “अपडेटेड और एरर फ्री वोटर लिस्ट स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावों की आधारशिला होती है।” निर्वाचन आयोग का उद्देश्य यह है कि प्रत्येक काबिल नागरिक को मतदान का अधिकार मिले और चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह विश्वसनीय एवं पारदर्शी बनी रहे।
Read More:
जनता के सहयोग से पंजाब को हर क्षेत्र में नंबर एक बनाने का सफर जारी रहेगा – CM मान

