Protests Violent in Italy: इटली में बढ़ती महंगाई, ईंधन की कीमतों और रक्षा बजट में बढ़ोतरी के विरोध में चल रहे प्रदर्शनों ने शनिवार को कई शहरों में तनावपूर्ण रूप ले लिया। रोम, बोलोग्ना और ट्यूरिन समेत कई जगहों पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरे। कुछ इलाकों में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया। बिगड़ते हालात के बीच प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने पुलिस और सुरक्षा बलों की तारीफ करते हुए कहा कि हिंसा और सार्वजनिक अव्यवस्था के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।
रोम से ट्यूरिन तक सड़कों पर प्रदर्शन
समाचार एजेंसी एएनएसए के मुताबिक, रोम में 24 अक्टूबर की दोपहर प्रदर्शनकारी पियाजा डेला रिपब्लिका से युद्ध विरोधी मार्च के लिए रवाना हुए। शाम तक प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और प्रदर्शनकारियों तथा पुलिस के बीच टकराव शुरू हो गया। भीड़ को पीछे हटाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया।
राजधानी में पुलिस ने संभाला मोर्चा
बोलोग्ना में भी प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ गए। इटली के अखबार ‘कोरिएरे डेला सेरा’ के अनुसार, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को मदद के लिए 17 कॉल मिलीं। इनमें से 6 लोगों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, ट्यूरिन में प्रदर्शनकारियों ने बढ़ते सैन्य खर्च और महंगे ईंधन के खिलाफ विरोध जताया। यहां कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर बोतलें और पटाखे फेंके, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया।
बोलोग्ना में 17 मदद की कॉल
इन घटनाओं से पहले भी इटली के कई हिस्सों में प्रदर्शन हिंसक हो चुके हैं। पिछले वीकेंड खास तौर पर मिलान में तोड़फोड़ और लूटपाट की घटनाएं सामने आई थीं। इसके बाद गृह मंत्री माटेओ पियान्टेदोसी ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया। बड़े शहरों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत कर दी गई।
मिलान की घटनाओं के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा
प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पुलिस और सुरक्षा बलों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षाकर्मियों ने हिंसा और अव्यवस्था की कोशिशों के बीच नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का काम किया है। मेलोनी ने यह भी स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना नागरिकों का अधिकार है और इस अधिकार की हमेशा सुरक्षा की जानी चाहिए।
मेलोनी ने पुलिस और सुरक्षा बलों की तारीफ की
हालांकि, प्रधानमंत्री ने साथ ही आम नागरिकों के अधिकारों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने शहरों में बिना डर के रहने और काम करने का अधिकार मिलना चाहिए। मेलोनी ने हिंसा फैलाने और सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसे लोगों के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।
‘अव्यवस्था फैलाने वालों के लिए कोई जगह नहीं’
मेलोनी ने कहा कि सरकार ऐसे कदम उठाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है, जिनसे पुलिस हिंसा रोकने और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ अधिक प्रभावी कार्रवाई कर सके। सरकार का जोर एक तरफ शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार को बनाए रखने और दूसरी तरफ सार्वजनिक व्यवस्था को सुरक्षित रखने पर है।
हिंसा रोकने के लिए सख्त कदम उठाएगी सरकार
इस बीच इटली में प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था पर सरकार की नजर बनी हुई है। बढ़ती महंगाई, ईंधन की कीमतों और रक्षा खर्च जैसे मुद्दों को लेकर असंतोष के बीच प्रशासन के सामने शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के बीच संतुलन कायम करने की चुनौती है।
Read More:
गंगा के ऊपर वायुसेना का दमदार प्रदर्शन, वाराणसी में PM मोदी ने देखा एयर शो

