Para Athlete Chirag Tyagi Murder Case: गाजियाबाद के कोतवाली थाना क्षेत्र में पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि चिराग की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके साथी पैरा खिलाड़ी यश ने की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली है।
नाबालिग आरोपी निकला साथी खिलाड़ी
पुलिस के अनुसार आरोपी यश की उम्र 17 वर्ष है और वह चिराग के गांव बंसतपुर के पास रावली रोड क्षेत्र का रहने वाला है। यश भी चिराग की तरह ब्लाइंड कैटेगरी में खेलता था। दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और खेल जगत से जुड़े हुए थे।
शिकायत बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि चिराग ने यश के दस्तावेजों को लेकर शिकायत की थी। इसी बात को लेकर आरोपी यश उससे नाराज चल रहा था। जांच के मुताबिक इसी रंजिश ने हत्या जैसी वारदात का रूप ले लिया। पुलिस अब मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है।
साईं उपवन में मिला था शव
शनिवार को कोतवाली क्षेत्र स्थित साईं उपवन में चिराग त्यागी का शव बरामद हुआ था। उनके शरीर पर दो गोलियों के निशान मिले थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। इस हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था।
उभरता हुआ पैरा एथलीट था चिराग
चिराग त्यागी पैरा खेलों का एक उभरता हुआ नाम था। उसने हाल ही में बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता था। अपनी शानदार उपलब्धियों के दम पर वह अक्टूबर में जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भी क्वालीफाई कर चुका था। चिराग इन दिनों दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रहकर एशियाई खेलों की तैयारी कर रहा था। परिवार और खेल जगत को उससे बड़ी उम्मीदें थीं।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मुरादनगर निवासी चिराग अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उनके पिता मनोज त्यागी ने बताया कि बेटे के खेल करियर को संवारने के लिए उन्होंने अपनी पूरी जमा-पूंजी लगा दी थी। उन्होंने कहा कि परिवार की किसी से कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं थी और वे बेटे के उज्ज्वल भविष्य के सपने देख रहे थे।
पुलिस की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी यश को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उसके करीबियों और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा सकती है। दूसरी ओर, चिराग के परिजनों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
Read More:

