मोहाली(Mohali) के ढकोली स्थित गुरु नानक एन्क्लेव मार्केट में पटाखों और सजावटी सामान की दुकानों में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते आसपास के कई स्टॉलों को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति उस समय और भयावह हो गई जब जलते हुए पटाखे लगातार फटने लगे। धमाकों की आवाज से पूरा बाजार गूंज उठा और वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट होने का अनुमान है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।
आठ लाइसेंस जारी
इस घटना के बाद जीरकपुर में पटाखों की बिक्री और प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के मुताबिक, जिला प्रशासन ने पूरे जीरकपुर क्षेत्र में पटाखों की बिक्री के लिए केवल आठ लाइसेंस जारी किए थे। इसके बावजूद अलग-अलग बाजारों और रिहायशी इलाकों के आसपास बड़ी संख्या में पटाखों के स्टॉल लगाए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।
ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि निर्धारित संख्या से अधिक स्टॉल कैसे संचालित हो रहे थे? क्या इन दुकानों को संबंधित विभागों से अनुमति मिली थी और प्रशासन की ओर से इनकी नियमित जांच की जा रही थी?
सुरक्षा नियमों की अनदेखी बनी वजह?
पटाखों की बिक्री वाले स्थानों पर आग बुझाने के उपकरण, पर्याप्त दूरी और आपातकालीन रास्तों की व्यवस्था होना बेहद जरूरी है। गुरु नानक एन्क्लेव मार्केट में लगी आग के बाद इन सुरक्षा इंतजामों की जांच की मांग उठ रही है।
प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग
इस घटना ने प्रशासन के सामने कई अहम सवाल खड़े कर दिए हैं। सभी पटाखा स्टॉलों के लाइसेंस और सुरक्षा मानकों की जांच करना जरूरी है। यदि कहीं बिना अनुमति दुकानें लगाई गई थीं तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। समय रहते निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो भविष्य में ऐसी घटनाएं बड़ा नुकसान पहुंचा सकती हैं।
[…] मोहाली में पटाखों के स्टॉलों पर भड़की … […]