Malviya Nagar Delhi Hotel Fire: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी इलाके के फ्लोरिश स्टे एंड बी होटल में हुए भीषण अग्निकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल भवन के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। इस हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग घायल बताये जा रहे हैं। पुलिस ने गिरफ्तारी से पहले लवकेश बजाज और उनकी पत्नी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया था ताकि वे देश छोड़कर फरार न हो सकें।
हादसे के बाद एक्शन में आई पुलिस
बुधवार सुबह हौज रानी क्षेत्र में स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी होटल में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी पांच मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। होटल के अंदर मौजूद कई लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंचे और बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपेरशन चलाकर लोगों को बाहर निकाला।
49 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया
दिल्ली पुलिस के अनुसार हादसे के बाद 49 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। इनमें से 21 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। मरने वालों में भारतीय और विदेशी दोनों नागरिक हैं। कई घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य का इलाज अभी भी जारी है।
गुरुग्राम के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे की सबसे दर्दनाक कहानी गुरुग्राम के अग्रवाल परिवार की है। परिवार के सदस्य दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती अपने बुजुर्ग परिजन की देखभाल के लिए होटल में ठहरे हुए थे। आग लगने के बाद परिवार के आठ लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में विवेक अग्रवाल, उनकी पत्नी, बच्चे और अन्य करीबी रिश्तेदार हैं। बताया जा रहा है कि कुछ रिश्तेदार राजस्थान से हालचाल जानने आए थे और वे भी इस हादसे का शिकार हो गए।
जांच में सामने आईं गंभीर खामियां
प्रारंभिक जांच में होटल संचालन को लेकर कई गंभीर खामियां सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार होटल अनिवार्य फायर एनओसी के बिना चलाया जा रहा था। इमारत में केवल एक ही प्रवेश और निकास मार्ग मौजूद था। कई खिड़कियां बंद थीं, जबकि मुख्य दरवाजा सेंसर से खुलता था।
गैर-कानूनी तरह से चलाया जा रहा था होटल
जांच एजेंसियों को यह भी पता चला है कि होटल निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक लोगों को ठहरा रहा था। दिल्ली सरकार की बेड एंड ब्रेकफास्ट नीति के तहत जहां केवल छह कमरों की अनुमति थी, वहीं परिसर में करीब 25 कमरे चलाये जा रहे थे। इनमें कुछ कमरे बेसमेंट में भी बनाए गए थे। आरोप है कि समय के साथ भवन में अधिक मंजिलों का निर्माण भी किया गया, जिसके लिए कोई मंजूरी नहीं ली गई थी।
गैर इरादतन हत्या समेत कई धाराओं में मामला दर्ज
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में गैर इरादतन हत्या समेत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। होटल मालिक लवकेश बजाज से पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियां होटल प्रबंधन और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी और लापरवाही के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
दिल्ली के हालिया वर्षों के सबसे भयावह अग्निकांडों में शामिल इस हादसे ने होटल सुरक्षा , भवन स्वीकृति प्रक्रिया और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच जारी है और आने वाले दिनों में मामले में और गिरफ्तारियां या कार्रवाई हो सकती है।
Read More:
दिल्ली होटल अग्निकांड के बाद अब बिहार के हॉस्पिटल में लगी भीषण आग, कई लोगों की मौत

