पंजाब के लुधियाना(Ludhiana) में मशहूर पंडित जी के छोले-कुलचे के कारोबार से जुड़े परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के 34 वर्षीय बेटे राहुल शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, राहुल बुधवार रात अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए घर से निकला था। देर रात उसे दो गोलियां मारी गईं जिनमें से एक छाती और दूसरी पीठ पर लगी।
परिजनों के मुताबिक, रात करीब 12:30 बजे राहुल के दोस्तों ने उसके साले को फोन करके बताया कि उसे गोली लगी है और उसे दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMC) में भर्ती कराया गया है। परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे लेकिन तब तक राहुल की मौत हो चुकी थी। बताया गया कि डॉक्टरों ने उसे रात 11:55 बजे मृत घोषित कर दिया था। राहुल की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। परिवार में उसकी पत्नी, माता-पिता और एक शादीशुदा बहन हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया।
बर्थडे पार्टी में विवाद के बाद फायरिंग
परिजनों के मुताबिक, राहुल घर से जन्मदिन की पार्टी में जाने की बात कहकर निकला था। आशंका जताई जा रही है कि पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ जिसके बाद उस पर गोली चलाई गई। बताया गया है कि वारदात फुल्लांवाल चौक से जे ब्लॉक मॉल की ओर जाने वाली सड़क पर हुई।
पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। राहुल की स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
CCTV फुटेज की जांच कर रही पुलिस
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोली किसने चलाई और वारदात के पीछे क्या वजह थी। फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों को लेकर जांच जारी है।
1950 के दशक से मशहूर है परिवार का कारोबार
राहुल का परिवार लुधियाना के फाउंटेन चौक के पास सिमेट्री रोड पर पंडित जी के छोले-कुलचे के लिए जाना जाता है। बताया जाता है कि इस कारोबार की शुरुआत परिवार के बुजुर्ग खुशी राम शर्मा ने की थी। बाद में कुलदीप शर्मा और परिवार की अगली पीढ़ी ने इसे आगे बढ़ाया।
इस दुकान की खासियत बिना तेल, तड़के, प्याज और लहसुन के बनाए जाने वाले छोले हैं। कई दशकों से यह स्वाद शहर में अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। अब राहुल की हत्या से परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है।