लखनऊ(Lucknow) में गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से दुबग्गा और आसपास के इलाकों में हालात मुश्किल होते जा रहे हैं। रविवार को जेहटा रोड और उसके आसपास बाढ़ का पानी पहुंच गया। शाम करीब छह बजे तक जेहटा-माल रोड पर लगभग डेढ़ फीट पानी बह रहा था। माल और इटौंजा के ग्रामीण इलाकों में भी पानी बढ़ने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। प्रशासन का अनुमान है कि अगले 24 घंटे में गोमती का जलस्तर करीब दो फीट और बढ़ सकता है।
प्रशासनिक टीम ने हयात नगर मोड़, दौलतखेड़ा, सैथा और बरावन कला सहित कई प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। लोगों से सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की गई है। पहली मंजिल पर रहने वाले परिवारों को ऊपरी मंजिल पर जाने और बच्चों, बुजुर्गों तथा गर्भवती महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की सलाह दी गई। राहत के लिए प्रभावित क्षेत्रों में 10 नावें भी लगाई गई हैं।
फसलों को भारी नुकसान की आशंका
बाढ़ के पानी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों के अनुसार धान और सब्जियों सहित कई फसलें पानी में डूब गई हैं। जिलाधिकारी ने एक हजार से ज्यादा बीघा क्षेत्र में फसल और सब्जियों के नुकसान का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित किसानों को नियमों के अनुसार सरकारी मदद देने का भरोसा दिया गया है।
मंझौवा में 500 बीघा धान डूबी
मंझौवा गांव में करीब 500 बीघा में तैयार धान की फसल पानी में समा गई। खीरा, लौकी और भिंडी की खेती को भी नुकसान हुआ है। कई ग्रामीणों के घर भी बारिश के कारण गिर गए हैं।
फैजुल्लागंज में पानी के साथ पेयजल संकट
फैजुल्लागंज की कई कॉलोनियां पूरी तरह पानी से घिरी हुई हैं। यहां लोगों के सामने पीने के पानी की समस्या भी खड़ी हो गई है। कई घरों के नलों से बदबूदार पानी आने की शिकायत है। कुछ लोग अस्थायी नावों के जरिए नगर निगम के टैंकर तक पहुंचकर बाल्टियों में पानी भरकर ला रहे हैं। वहीं, कई परिवारों का कहना है कि पानी वितरण की व्यवस्था होने के बावजूद राहत का पानी उन तक नहीं पहुंच पा रहा है।