LG Vinai Kumar Saxena: राष्ट्रपति भवन ने जम्मू-कश्मीर को लेकर अहम आदेश जारी किया है। इसके मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा के छुट्टी पर रहने के दौरान लद्दाख के लेफ्टिनेंट गवर्नर विनय कुमार सक्सेना जम्मू-कश्मीर के एलजी का अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगे। यह व्यवस्था मनोज सिन्हा की छुट्टी की अवधि तक लागू रहेगी।
लद्दाख की जिम्मेदारी भी रहेगी
आदेश के अनुसार, विनय कुमार सक्सेना जम्मू-कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर कार्यालय की अतिरिक्त जिम्मेदारियां संभालने के साथ लद्दाख के एलजी के रूप में अपनी मौजूदा जिम्मेदारियां भी निभाते रहेंगे। यानी उनके पास इस अवधि में दोनों केंद्र शासित प्रदेशों की जिम्मेदारी रहेगी।
13 मार्च 2026 को बने थे लद्दाख के LG
विनय कुमार सक्सेना ने 13 मार्च 2026 को लद्दाख के लेफ्टिनेंट गवर्नर का पद संभाला था। वह लद्दाख के चौथे एलजी हैं और उन्होंने कविंदर गुप्ता का स्थान लिया था। इससे पहले सक्सेना दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर के पद पर थे। उन्होंने 26 मई 2022 को दिल्ली के एलजी के रूप में कार्यभार संभाला था।
2020 से J&K की कमान संभाल रहे सिन्हा
मनोज सिन्हा 7 अगस्त 2020 से जम्मू-कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर हैं। उन्होंने जी.सी. मुर्मू के इस्तीफे के बाद यह जिम्मेदारी संभाली थी। उनके कार्यकाल के दौरान जम्मू-कश्मीर में कई अहम बदलाव देखने को मिले हैं।
शिकागो दौरे पर हैं मनोज सिन्हा
मनोज सिन्हा फिलहाल शिकागो दौरे पर हैं, जहां वह आईआईटी-बीएचयू के ग्लोबल एलुमनी मीट में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की तकनीकी प्रगति और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर देश की भूमिका पर अपनी बात रखी।
AI में भारत की बड़ी भूमिका पर जोर
मनोज सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने सिर्फ तकनीक को अपनाकर दुनिया को प्रभावित नहीं किया है, बल्कि एक देश के रूप में हम नए मानक स्थापित कर रहे हैं, रास्ता दिखा रहे हैं और अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। एक राष्ट्र के तौर पर हमारी मान्यता है कि ज्ञान का इस्तेमाल समाज के कल्याण के लिए होना चाहिए।
भारत को AI का बड़ा निर्माता बनना होगा
उन्होंने कहा कि भारत को दुनिया के अन्य देशों में विकसित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस उत्पादों का सिर्फ एक बड़ा बाजार बनकर नहीं रहना चाहिए। भारत को दुनिया के लिए विश्वसनीय, किफायती और समावेशी एआई समाधानों का अग्रणी निर्माता और विकासकर्ता बनना होगा।
Read More:


[…] […]