CM Yogi Varanasi Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज, 9 सितंबर को वाराणसी के सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से प्रदेशव्यापी राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का शुभारंभ करेंगे। यह अभियान 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलेगा। कार्यक्रम प्रधानमंत्री के ‘सुपोषित भारत’ विजन के तहत उनके संसदीय क्षेत्र काशी से शुरू किया जा रहा है।
इस बार बदली अभियान की थीम
इस वर्ष पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनबाड़ी-हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है। इसके जरिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय करने के साथ उनके उत्साह बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा। पिछले साल मुख्यमंत्री ने लखनऊ से ‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार’ थीम के साथ प्रदेशव्यापी कार्यक्रम की शुरुआत की थी।
चार प्रमुख विषयों पर रहेगा फोकस
रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में मुख्यमंत्री चार प्रमुख थीम की शुरुआत करेंगे। इनमें आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व व जवाबदेही और बाल विकास हेतु पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन शामिल हैं। कार्यक्रम में केंद्र और प्रदेश के महिला एवं बाल कल्याण मंत्रालय से जुड़े मंत्री भी मौजूद रहेंगे।
1100 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता होंगी मौजूद
मुख्यमंत्री के सुबह करीब 11 बजे रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां करीब 1100 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहेंगी। मुख्यमंत्री इन कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी करेंगे। चुनावी साल को देखते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और अन्य कर्मियों के लिए मुख्यमंत्री की ओर से कुछ बड़ी घोषणाएं किए जाने की भी संभावना जताई गई है।
लाभार्थियों के खातों में जा सकती है राशि
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना (PMMVY) के लाभार्थियों के खातों में योजना के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि भी स्थानांतरित कर सकते हैं। इसके साथ ही PMMVY के 10 वर्ष पूरे होने और पोषण माह 2026 के शुभारंभ से संबंधित फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
सभी जिलों में होगा सीधा प्रसारण
कार्यक्रम का वेबकास्ट भी किया जाएगा। webcast.gov.in/mwcd के माध्यम से 9 सितंबर की सुबह 11 बजे से प्रदेश के सभी जिलों में इसका सजीव प्रसारण देखा जा सकेगा। जिलों में बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविका, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, लाभार्थी और उनके अभिभावक कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
देशभर में मनाया जाएगा पोषण माह
राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का आयोजन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में किया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, पंचायतों और घरों में सामुदायिक कार्यक्रमों के जरिए पोषण से जुड़े अभियान चलाए जाएंगे। पिछले साल प्रदेश में पोषण माह की शुरुआत मुख्यमंत्री ने लखनऊ से की थी, जबकि प्रधानमंत्री ने इंदौर से राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम की शुरुआत की थी।
अधिकारियों ने परखी तैयारियां
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कार्यक्रम को सुचारु रूप से आयोजित करने के लिए रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में व्यवस्थाओं को परखा गया।
Read More:


[…] CM योगी का आज वाराणसी दौरा, रुद्राक्ष कन… […]