कोलकाता की प्रेसिडेंसी जेल में बंद कुख्यात आतंकी अफताब अंसारी(Aftab Ansari) के सेल से प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सामान मिलने के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। जेल अधिकारियों के मुताबिक, अचानक चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान उसके ठिकाने से तीन स्मार्टफोन, एक आईफोन, Wi-Fi डिवाइस, पेन ड्राइव और करीब 31 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
जेल में मोबाइल फोन और इंटरनेट से जुड़े उपकरण रखना प्रतिबंधित है। ऐसे में हाई-सिक्योरिटी जेल के भीतर इतनी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मिलना अधिकारियों के लिए चिंता का विषय बन गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले को गंभीरता से लेते हुए जेल अधिकारी ने कोलकाता के हेस्टिंग्स पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि प्रतिबंधित सामान जेल के अंदर कैसे पहुंचा।
इसके अलावा इन उपकरणों का इस्तेमाल किस मकसद से किया जा रहा था इस बात की भी सख्ताई से जांच की जा रही है। पुलिस इस संभावना की भी पड़ताल कर रही है कि कहीं इन डिवाइस के जरिए जेल के बाहर किसी व्यक्ति से संपर्क तो नहीं किया जा रहा था।
पहले भी मिल चुका है सिम कार्ड
अफताब अंसारी 2002 के कोलकाता अमेरिकन सेंटर आतंकी हमले का मुख्य आरोपी रहा है। उस हमले में सुरक्षा बलों के जवानों को निशाना बनाया गया था। जेल में रहते हुए उसके पास से पहले भी सिम कार्ड मिलने की जानकारी सामने आ चुकी है।
ताजा बरामदगी के बाद अब जांच का फोकस जेल के भीतर प्रतिबंधित सामान पहुंचाने के संभावित रास्ते और इसमें किसी व्यक्ति या नेटवर्क की भूमिका पर है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि ये उपकरण वहां तक कैसे पहुंचे और उनका इस्तेमाल किस तरह किया जा रहा था।