Jalandhar Robbery: जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने 17 अगस्त की शाम व्यापारी ललित कुमार के साथ हुई 72 लाख रुपये की लूट का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लूटी गई पूरी नकदी बरामद कर व्यापारी को वापस सौंप दी गई है। वारदात में इस्तेमाल आल्टो और होंडा अमेज कार भी बरामद हुई हैं।
अपना ही ड्राइवर निकला साजिश का मास्टरमाइंड
सीपी जालंधर सतिंदर सिंह के मुताबिक, इस लूट की साजिश का मास्टरमाइंड व्यापारी का ड्राइवर-नौकर सनी खोसला था। उसने अपने जीजा हरदीप के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी। सनी को पता था कि उसका मालिक अक्सर दफ्तर से बड़ी मात्रा में कैश लेकर घर जाता है।
डेढ़ महीने पहले शुरू हुई थी प्लानिंग
पुलिस जांच में सामने आया कि पैसे के लालच में सनी और हरदीप ने करीब डेढ़ महीने पहले ही लूट की योजना बनानी शुरू कर दी थी। दोनों ने वारदात को अंजाम देने के लिए रास्ते और व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखी।
13 तारीख को की गई इलाके की रेकी
आरोपियों ने 13 तारीख को उस इलाके की रेकी की थी, जहां स्ट्रीट लाइटें नहीं थीं और रास्ता सुनसान रहता था। इसी जगह को लूट के लिए चुना गया। वारदात वाले दिन व्यापारी कार से घर लौट रहा था, तभी आरोपियों ने रास्ते में उसे घेर लिया।
लोहे की रॉड से तोड़े कार के शीशे
आरोपियों ने व्यापारी की कार पर लोहे की रॉड से हमला कर शीशे तोड़ दिए। इसके बाद कैश से भरे दो बैग छीनकर फरार हो गए। सनी खोसला खुद मौके पर मौजूद नहीं था, लेकिन वह अपने साथियों को पल-पल की जानकारी दे रहा था।
बटाला से बुलाए गए थे पुराने अपराधी
पुलिस के अनुसार, साजिश में बटाला से पुराने अपराधियों को भी शामिल किया गया था। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए बटाला से एक गाड़ी किराए पर ली थी। इस गाड़ी के ड्राइवर को भी साजिश में शामिल किया गया और उसे इसके बदले 3 लाख रुपये दिए गए।
जीजा ने पैसों के बंटवारे में की हेराफेरी
लूट के बाद आरोपियों ने बिधिपुर फाटक के पास रकम आपस में बांटी। हरदीप ने बाकी साथियों से झूठ बोला कि उन्हें सिर्फ 50 लाख रुपये मिले हैं। इसके बाद उसने चार साथियों को 13-13 लाख रुपये दिए और बाकी बड़ी रकम खुद रख ली।
CCTV और तकनीकी जांच से पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष टीमें गठित की थीं। CCTV फुटेज और तकनीकी इनपुट की मदद से पुलिस ने सुबह तक सुराग जुटा लिए और दोपहर तक मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार 6 आरोपियों में से 4 का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है और उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।
व्यापारी को वापस मिली पूरी रकम
पुलिस ने लूट की पूरी कैश रकम बरामद कर उसे व्यापारी ललित कुमार को सौंप दिया। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल आल्टो और होंडा अमेज गाड़ियां भी बरामद कर ली गई हैं।
Read More:

