Ivanka Trump Assassination Plot: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप की हत्या की साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ‘न्यूयॉर्क पोस्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) से जुड़े एक ट्रेनी कमांडर ने इवांका ट्रंप को निशाना बनाने का प्लान बनाया था।
रिपोर्ट में हुआ बड़ा दावा
न्यू यॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, ‘IRGC के आतंकी मोहम्मद बाकर साद दाऊद अल-सादी ने इवांका को मारने की कसम खाई थी और उसके पास इवांका के फ्लोरिडा आवास का खाका भी था।’ रिपोर्ट में कहा गया है कि आरोपी इराकी नागरिक है और उसका मकसद ट्रंप परिवार को निशाना बनाकर ईरानी सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेना था।
सुलेमानी को मानता था अपना गुरु
बताया गया है कि छह साल पहले बगदाद में अमेरिकी हमले में कासिम सुलेमानी की मौत हुई थी। आरोपी अल-सादी सुलेमानी को अपना गुरु मानता था और उसकी मौत के बाद से बदले की भावना रखता था। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि वह ट्रंप परिवार को निशाना बनाने की योजना पर काम कर रहा था।
‘इवांका को मारना होगा’
वॉशिंगटन स्थित इराकी दूतावास के पूर्व डिप्टी मिलिट्री अटैची इंतिफाध कनबर ने न्यूयॉर्क पोस्ट को बताया कि सुलेमानी की मौत के बाद अल-सादी लोगों से कहता था, ‘हमें इवांका को मारना होगा ताकि ट्रंप के घर को उसी तरह जलाया जा सके, जैसे उन्होंने हमारा घर जलाया।’
फ्लोरिडा स्थित घर का नक्शा किया था पोस्ट
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि गिरफ्तार आतंकी ने सोशल मीडिया पर फ्लोरिडा स्थित इवांका ट्रंप के घर का नक्शा पोस्ट किया था। उस तस्वीर के साथ एक धमकी भरा संदेश भी लिखा गया था, ‘अमेरिकियों से मैं कहता हूं कि इस तस्वीर को देखो और समझो कि न तुम्हारे महल और न ही सीक्रेट सर्विस तुम्हारी रक्षा कर पाएगी। हम फिलहाल निगरानी और विश्लेषण के चरण में हैं। मैंने कहा था कि हमारा बदला सिर्फ समय की बात है।’
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
मामले के सामने आने के बाद अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। रिपोर्ट के अनुसार आरोपी की गतिविधियों और उसके नेटवर्क की जांच की जा रही है। हालांकि अमेरिकी प्रशासन की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
Read More:

