इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के क्वालिफायर-2 मुकाबले में आज राजस्थान रॉयल्स (RR) और गुजरात टाइटंस (GT) की भिड़ंत होगी, यह मुकाबला दोनों ही टीमों के लिए बेहद अहम है क्यूंकि इस मैच में हारने वाली टीम का इस सीजन में सफर यहीं समाप्त हो जाएगा जबकि जीतने वाली टीम 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से भिड़ेगी।
गुजरात और राजस्थान के बीच यह मुकाबला शाम 7:30 बजे से मुल्लनपुर (न्यू चंडीगढ़) स्थित महाराजा यादवेन्द्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस अहम मुकाबले में शुभमण गिल की कप्तानी वाली टीम गुजरात टाइटंस के सामने राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी सबसे बड़ी चुनौती होंगे।

राजस्थान रॉयल्स के युवा स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का बल्ला इस सीजन में विपक्षी गेंदबाजों पर कहर बन कर बरस रहा है, जिससे कि बड़े-बड़े गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती खड़ी होती नजर आई। वैभव सूर्यवंशी ने एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ महज 29 गेंदों पर 97 रन की विस्फोटक पारी खेली थी, इस मैच में उनके सामने सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाज बेबस नजर आए थे, उस मुकाबले में वह आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने से भी चूक गए थे। हालांकि वह आईपीएल के इतिहास में क्रिस गेल का किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्कों वाला 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ने में कामयाब रहे। क्रिस गेल ने आईपीएल के किसी एक सीजन में 59 छक्के बनाए हैं जबकि वैभव सूर्यवंशी ने उनके इस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए अब तक इस सीजन में 65 छक्के जड़ चुके हैं।

बात करें दोनों टीमों के आमने-सामने प्रदर्शन की तो राजस्थान के खिलाफ गुजरात के पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच आईपीएल में अब तक 10 मुकाबले खेले जा चुके हैं, इनमें से सात मुकाबलों में गुजरात ने जीत हासिल की है, जबकि राजस्थान के हाथ सिर्फ तीन बार ही जीत लगी है। शुभमण गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस अपने इस दमदार रिकॉर्ड को दूसरे क्वालिफायर में भी बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

