IPL 2026 RCB VS LSG: लखनऊ सुपर जायंट्स ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 50वें मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 9 रन से हरा दिया। लगातार छह हार झेल चुकी लखनऊ की टीम के लिए यह जीत बेहद अहम रही, क्योंकि इससे उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बनी हैं। बारिश से प्रभावित इस मुकाबले को तीन बार रोकना पड़ा, जिसके बाद मैच 19-19 ओवर का कर दिया गया। मुकाबला आखिरी ओवर तक रोमांच से भरा रहा।
मिचेल मार्श ने खेली शानदार पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने 19 ओवर में 3 विकेट खोकर 209 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से मिचेल मार्श ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 56 गेंदों में 111 रन बनाए। उनकी इस पारी में 9 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। इकाना स्टेडियम में मार्श ने आरसीबी के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला और शुरुआत से ही मैच का रुख लखनऊ की ओर मोड़ दिया।
पूरन और पंत ने दिया साथ
मार्श के अलावा निकोलस पूरन ने 38 रन की अहम पारी खेली, जबकि कप्तान ऋषभ पंत 32 रन बनाकर नाबाद लौटे। इन दोनों बल्लेबाजों ने तेज रन गति बनाए रखी और टीम को 200 के पार पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई। आरसीबी की ओर से जोश हेजलवुड, क्रुणाल पंड्या और रसिक सलाम ने एक-एक विकेट हासिल किया।
DLS के बाद RCB को मिला 213 रन का लक्ष्य
बारिश के कारण मैच में DLS नियम लागू किया गया, जिसके चलते आरसीबी को 19 ओवर में 213 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। हालांकि लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु की शुरुआत बेहद खराब रही। अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने पहले ही ओवर में जैकब बेथेल को पवेलियन भेज दिया।
विराट कोहली जीरो पर आउट
दूसरे ओवर में युवा गेंदबाज प्रिंस यादव ने बड़ा झटका देते हुए विराट कोहली को जीरो पर बोल्ड कर दिया। विराट का जल्दी आउट होना आरसीबी के लिए बड़ा झटका था। प्रिंस यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल तीन विकेट झटके और मैच के हीरो बन गए।
पाटीदार और टिम ने जगाई उम्मीद
शुरुआत खराब होने के बाद कप्तान रजत पाटीदार ने 61 रन की जिम्मेदार पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की। वहीं टिम डेविड ने भी तेज 40 रन बनाकर मैच को मजेदार बना दिया। लेकिन शाहबाज अहमद ने दोनों सेट बल्लेबाजों को आउट कर लखनऊ को मुकाबले में वापस ला दिया।
आखिरी ओवर में लखनऊ ने मारी बाजी
मैच के अंतिम ओवरों में क्रुणाल पंड्या ने 16 गेंदों में नाबाद 28 रन बनाकर आरसीबी की उम्मीदें जिंदा रखीं। आखिरी ओवर में टीम को जीत के लिए 20 रन चाहिए थे, लेकिन दिग्वेश राठी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दबाव बनाए रखा। आरसीबी की टीम 19 ओवर में 6 विकेट पर 203 रन ही बना सकी और लखनऊ ने मुकाबला 9 रन से अपने नाम कर लिया।
लखनऊ की जीत से प्लेऑफ में आएगा मजा
इस जीत के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स ने लगातार हार का सिलसिला खत्म कर दिया और नंबर लिस्ट में अपने आपको मजबूत भी किया। वहीं आरसीबी को इस हार से बड़ा झटका लगा है।
Read More:

