3 अक्टूबर को जापान के काकामिगाहारा स्थित गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में खेले गए एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने मलेशिया को 5-1 से करारी शिकस्त देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लिया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारत ने लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए भी अपना स्थान पक्का कर लिया है। मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल दागे, जबकि जुगराज सिंह, हार्दिक सिंह और शिलानंद लाकड़ा ने एक-एक गोल कर जीत में अहम भूमिका निभाई।
𝗧𝗛𝗘 𝗜𝗡𝗗𝗜𝗔𝗡 𝗠𝗘𝗡’𝗦 𝗛𝗢𝗖𝗞𝗘𝗬 𝗧𝗘𝗔𝗠 𝗜𝗦 𝗔𝗦𝗜𝗔𝗡 𝗚𝗔𝗠𝗘𝗦 𝗖𝗛𝗔𝗠𝗣𝗜𝗢𝗡 𝗢𝗡𝗖𝗘 𝗔𝗚𝗔𝗜𝗡! 🇮🇳🥇
India defeat Malaysia 5-1 in the Asian Games 2026 final to successfully defend their crown and create history by winning consecutive Asian Games gold medals… pic.twitter.com/ZaBzKMGyJw
— Hockey India (@TheHockeyIndia) October 3, 2026
एशियन गेम्स में पहली बार खिताब का किया सफल बचाव
एशियन गेम्स के इतिहास में यह पांचवां मौका है जब भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। इससे पहले भारत ने 1966, 1998, 2014 और 2022 के संस्करणों में स्वर्ण पदक जीता था। हालांकि, यह पहला अवसर है जब भारतीय टीम ने लगातार दो बार गोल्ड जीतकर अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया है। भारत इस प्रतियोगिता में अब तक 9 बार रजत पदक और 3 बार कांस्य पदक भी हासिल कर चुका है।
चार क्वार्टर के रोमांच में मलेशिया को नहीं मिला कोई मौका
मैच के पहले क्वार्टर के 11वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई, लेकिन तीन मिनट बाद ही मलेशिया के शेल्लो सिल्वरियस ने बराबरी का गोल दाग दिया। दूसरे क्वार्टर में 23वें मिनट पर जुगराज सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर हाफटाइम तक भारत को 2-1 से आगे कर दिया। इसके बाद तीसरे क्वार्टर के 42वें मिनट में हार्दिक सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल किया। चौथे क्वार्टर में शिलानंद लाकड़ा ने 54वें और हरमनप्रीत ने 57वें मिनट में गोल दागकर भारत की 5-1 से एकतरफा जीत सुनिश्चित कर दी।
स्वर्ण पदक जीतने वाली 20 सदस्यीय भारतीय टीम
एशियन गेम्स 2026 में भारत को चैंपियन बनाने वाली 20 सदस्यीय टीम में गोलकीपर मोहित एचएस और सूरज करकेरा शामिल रहे। रक्षात्मक और मध्यक्रम की कमान कप्तान हरमनप्रीत सिंह, जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच, राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलकांत शर्मा और विवेक सागर प्रसाद ने संभाली। वहीं आक्रमण पंक्ति में दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मनदीप सिंह और अभिषेक ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
READ MORE: मुंबई पुलिस का प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बड़ा एक्शन, 400-500 अज्ञात लोगों पर किया FIR दर्ज

