आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में COVID-19 संक्रमण का पहला मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जानकारी के अनुसार, 33 वर्षीय एक युवक की निजी लैब और किंग जॉर्ज हॉस्पिटल (KGH) में हुई जांच में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। युवक हाल ही में हैदराबाद(Hyderabad) से विशाखापत्तनम लौटा था। घर पहुंचने के कुछ दिनों बाद उसे सर्दी, खांसी, बुखार और शरीर में दर्द जैसे लक्षण महसूस हुए, जिसके बाद उसने जांच कराई।
रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मरीज को अस्पताल में भर्ती करने के बजाय चिकित्सकीय सलाह के अनुसार होम आइसोलेशन में रखा गया है। डॉक्टर उसकी नियमित निगरानी कर रहे हैं और स्वास्थ्य विभाग उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
संपर्क में आए लोगों की पहचान शुरू
स्वास्थ्य अधिकारियों ने संक्रमित युवक के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही जरूरत के मुताबिक उनकी जांच और स्वास्थ्य निगरानी की जा रही है ताकि संक्रमण के प्रसार को समय रहते रोका जा सके। संबंधित क्षेत्र में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने की सावधानी बरतने की अपील
इससे पहले आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में कोरोना संक्रमण से जुड़ी घटनाओं के बाद स्वास्थ्य विभाग पहले से ही अलर्ट मोड में था। अब विशाखापत्तनम में पहला मामला सामने आने के बाद निगरानी व्यवस्था और मजबूत की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह के लक्षण जैसे बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। संक्रमण से बचाव के लिए नियमित रूप से हाथ धोना, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखना, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यकता अनुसार मास्क पहनना और स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करना जरूरी बताया गया है।