How To Check Adulterated Sweets: फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मिलावटी खोए के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। अब तक कानपुर, मेरठ, हापुड़, मुज़फ़्फ़रनगर और मुरादाबाद में लगभग 4,000 किलोग्राम मिलावटी खोया जब्त करके नष्ट किया जा चुका है। जांच में पता चला है कि कुछ लोग खोये में डिटर्जेंट, टैल्कम पाउडर, स्किम्ड मिल्क पाउडर, पाम ऑयल और हाइड्रोजन पेरोक्साइड जैसी चीजों का इस्तेमाल कर रहे थे।
मिलावटी मिठाइयां बनाने और बेचने का गोरखधंधा
हाल ही में गंगापार के सोरांव तहसील क्षेत्र के मलाक चौधरी गांव में गेस्ट हाउस की आड़ में मिलावटी मिठाइयां बनाने और बेचने का गोरखधंधा चल रहा था। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल के साथ 25 अगस्त की रात छापेमारी की। गेस्ट हाउस के पिछले हिस्से में बने बड़े गोदामों में भारी मात्रा में मिठाइयों का भंडारण देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
करीब 70 कुंतल मिठाई मिली
छापेमारी के दौरान खोवा, छेना और बेसन से बनी मिठाइयों का व्यापक भंडारण मिला। अधिकारियों ने अनुमान लगाया कि यहां करीब 70 कुंतल मिठाई रखी हुई थी। मिठाइयों में मिलावट का संदेह होने पर खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर जांच शुरू की और कारीगरों व कारखाना संचालक से देर रात तक पूछताछ की।
खोवा में स्टार्च समेत हानिकारक सामग्री
जांच के दौरान खोवा में स्टार्च समेत अन्य हानिकारक सामग्रियां पाए जाने की बात सामने आई। कुछ अन्य रासायनिक पदार्थों की मिलावट की भी आशंका जताई गई। विभाग की टीम यह पता लगाने में जुटी रही कि मिठाइयों में किस तरह की मिलावट की गई थी और इन्हें कहां-कहां सप्लाई किया जाना था।
रक्षाबंधन से पहले एक्टिव हुए कारोबारी
रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त को है। त्योहार से पहले मिठाइयों की मांग बढ़ने के बीच दुकानों पर सप्लाई करने वाले बड़े कारोबारी भी एक्टिव हो गए हैं। आरोप है कि महंगे दामों पर मिठाइयां बेचकर अधिक मुनाफा कमाने के लिए खोवा और दूसरी सामग्री में मिलावट का खेल चोरी-छिपे चल रहा है। इसी सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गेस्ट हाउस पर कार्रवाई की।
गेट बंद मिला तो पीछे से पहुंची टीम
छापेमारी के दौरान गेस्ट हाउस का मुख्य गेट बाहर से बंद था। इसके बाद टीम पिछले रास्ते से अंदर पहुंची। गेस्ट हाउस के पीछे बने बड़े गोदामों में पहुंचने पर अधिकारियों को बड़ी मात्रा में मिठाइयां मिलीं। कार्रवाई के दौरान पुलिस कर्मी भी टीम के साथ मौजूद रहे।
कई दिनों से मिल रही थी सूचना
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीनानाथ यादव ने बताया कि विभाग को कई दिनों से इस संबंध में सूचना मिल रही थी। इसके बाद रेकी कराई गई और गेस्ट हाउस की आड़ में चल रहे मिलावट के गोरखधंधे का पता चला। उन्होंने बताया कि मौके से करीब 70 कुंतल मिठाई बरामद हुई है।
बिमारियों को दावत हैं मिलावटी मिठाइयां
मिलावटी खोया खाने से पेट दर्द, अपच, उल्टी, दस्त और फ़ूड पॉइजनिंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं। लंबे समय तक इसके सेवन से लिवर और किडनी को नुकसान पहुँचने का खतरा रहता है। रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक होने के कारण बाजार में मिठाइयों की मांग बढ़ रही है और मिलावट करने वाले इस स्थिति का फायदा उठा रहे हैं। इसलिए, त्योहार के लिए मिठाइयां खरीदते समय सावधानी बरतना जरूरी है।
ऐसे पहचानें मिलावटी खोवा
खोवे की मिठाई के थोड़े से हिस्से को पानी में घोलकर उसमें आयोडीन सॉल्यूशन या टिंचर की कुछ बूंदें डालें। अगर रंग नीला या काला हो जाए तो उसमें स्टार्च, मैदा या आलू की मिलावट हो सकती है। असली खोया हथेली पर मसलने पर आसानी से चिकना होकर घुल जाता है और चिपचिपा महसूस नहीं होता।
चांदी के वर्क और रंग की जांच
असली चांदी के वर्क को उंगली से रगड़ने पर वह तुरंत गायब या विलीन हो जाता है, जबकि एल्युमीनियम फॉइल आसानी से छोटी गोली या परत के रूप में छूट जाता है। मिठाई का रंग अगर हाथ में लेने पर हथेली पर उतरने लगे तो उसमें सिंथेटिक रंगों के इस्तेमाल का संदेह किया जा सकता है।
डिटर्जेंट और केसर की पहचान
मिठाई के टुकड़े को पानी में डालकर जोर से हिलाएं। ज्यादा झाग या साबुन जैसी महक आने पर उसमें डिटर्जेंट की मिलावट हो सकती है। वहीं असली केसर पानी में तुरंत रंग नहीं छोड़ता, जबकि नकली केसर पानी में डालते ही रंग छोड़ने लगता है।
मिलावट का शक हो तो यहां करें शिकायत
अगर किसी मिठाई में मिलावट का संदेह है तो राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण FSSAI के पोर्टल पर शिकायत की जा सकती है। इसके अलावा टोल-फ्री नंबर 1800112100 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
Read More:
लुधियाना में नशे की खेप के साथ पकड़ा गया युवक, सड़क पर मां और बहन ने काटा बवाल

