केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह(Minister Amit Shah) शनिवार को नई दिल्ली के जय सिंह रोड स्थित दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की और राजधानी की कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इस दौरान पुलिस मुख्यालय पहुंचीं।
अधिकारियों के मुताबिक, अमित शाह दोपहर करीब 3 बजे मुख्यालय पहुंचे। बैठक में उन्हें पुलिस के कामकाज, चल रही जांच और कानून लागू करने के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में जानकारी दिए जाने की उम्मीद थी। हालांकि, बैठक में किन-किन विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई, इसकी पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई।
पुलिस मुख्यालय पहुंचे शाह
अमित शाह का दिल्ली पुलिस मुख्यालय का यह दौरा चार साल से ज्यादा समय बाद हुआ। इससे पहले वह 30 अगस्त 2022 को यहां पहुंचे थे। इस बार उनका दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
जुलाई में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग करने के आरोप लगाए गए थे। ऐसे में पुलिस की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था से जुड़े विषय चर्चा में हैं।
1 नवंबर को रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली
अमित शाह का यह दौरा ऐसे समय हुआ है, जब कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अन्य दल 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली करने की तैयारी कर रहे हैं। इस कार्यक्रम के जरिए विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाएगा। यह विरोध मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जारी आंदोलन से जुड़ा है।
कांग्रेस सांसद जेबी माथेर के मुताबिक, रैली आयोजित करने का निर्णय ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगी दलों से बातचीत के बाद सामूहिक रूप से लिया गया है।
विपक्ष ने एकजुटता का किया दावा
जेबी माथेर ने कहा कि रैली कांग्रेस और गठबंधन के अन्य दलों की संयुक्त पहल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम की तारीख के पीछे कोई विशेष कारण नहीं है। उनके मुताबिक, अलग-अलग राजनीतिक दल इस मुद्दे पर लगातार विरोध दर्ज करा रहे हैं।
माथेर ने दावा किया कि देशभर के कई राजनीतिक दल रैली में शामिल होंगे और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर विपक्षी दलों के बीच कोई मतभेद नहीं है।