Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश में मानसून के एक्टिव होने के साथ ही लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। कई जिलों में भारी बारिश, भूस्खलन और सड़कें बाधित होने से जनजीवन प्रभावित है। इसी बीच मौसम विभाग ने 12 जुलाई तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश हुई।
इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार 7 जुलाई को कांगड़ा, मंडी, सोलन और शिमला जिले में एक-दो जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए इन चारों जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिलासपुर और सिरमौर जिले में मध्यम से भारी बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट घोषित किया गया है। जबकि ऊना, हमीरपुर, चंबा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों के लिए फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
Nowcast@ 1800
Date: 06 July 2026
Validity Time :- 1800 -2100 pic.twitter.com/oTYj7Qyvsw— Meteorological Centre Shimla (@himachalmausam) July 6, 2026
प्रदेशभर में ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को मैदानी और निचले पर्वतीय क्षेत्रों के ज्यादातर जिलों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी ज्यादा जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो जगह पर भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं। वहीं उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
आंधी, बिजली और तेज हवाओं की भी चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक 12 जुलाई तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। 9 और 10 जुलाई को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। वहीं 11 और 12 जुलाई को अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कई इलाकों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भी इसी रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
Read More:
PM मोदी को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति के हाथों मिला सर्वोच्च सम्मान, कई अहम समझौतों पर लगी मुहर

