हरियाणा में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने और नए निवेशकों को आकर्षित करने की दिशा में राज्य सरकार को बड़ी सफलता मिलने का दावा किया गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी(CM Saini) की गुजरात यात्रा के पहले दिन हरियाणा को करीब 12,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, इस दौरे का उद्देश्य राज्य में उद्योगों के विस्तार, नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और रोजगार के अवसर बढ़ाने की संभावनाओं को मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दो दिवसीय गुजरात दौरे पर एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कंपनियों के संस्थापकों, प्रबंध निदेशकों और मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ बैठकें कीं। इन चर्चाओं में हरियाणा में मौजूदा कारोबार को बढ़ाने और नए निवेश की संभावनाओं पर विचार किया गया। इस दौरान उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौजूद रहे।
डिफेंस टेक्सटाइल से वेस्ट-टू-एनर्जी तक निवेश
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित निवेश में कई प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं। डिफेंस टेक्सटाइल के लिए 5,000 करोड़ रुपये और टेक्निकल टेक्सटाइल के लिए 2,000 करोड़ रुपये के प्रस्ताव सामने आए हैं। वहीं, औद्योगिक मशीनरी क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये के निवेश की योजना है।
इसके अलावा, सौर ऊर्जा और कॉस्मेटिक निर्माण क्षेत्र में 400 करोड़ रुपये तथा कचरे से ऊर्जा बनाने वाली परियोजनाओं यानी वेस्ट-टू-एनर्जी के लिए 4,000 करोड़ रुपये के समझौते किए गए हैं। सरकार को उम्मीद है कि इन प्रस्तावों से राज्य के औद्योगिक ढांचे को मजबूती मिलेगी।
आज गुजरात दौरे के पहले दिन लगभग ₹12,000 करोड़ के निवेश समझौतों (MoU) पर हस्ताक्षर किए। ✍️
डिफेंस टेक्सटाइल, टेक्निकल टेक्सटाइल, वेस्ट-टू-एनर्जी, औद्योगिक मशीनरी, सौर ऊर्जा और कॉस्मेटिक निर्माण जैसे क्षेत्रों में हुए ये समझौते हरियाणा में औद्योगिक विकास को नई गति देंगे। 📈 🤝
हमारा लक्ष्य निवेश को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के माध्यम से हरियाणा को प्रमुख औद्योगिक एवं निवेश केंद्र बनाना है।
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) October 27, 2026


[…] हरियाणा CM सैनी के गुजरात दौरे का दूसरा … […]