हरिद्वार(Haridwar) में नॉनवेज फूड की ऑनलाइन डिलीवरी को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। तीर्थनगरी की धार्मिक मर्यादाओं के कथित उल्लंघन का आरोप लगाते हुए संतों और कई हिंदू संगठनों ने Rapido के खिलाफ विरोध तेज कर दिया है। आरोप है कि हरकी पौड़ी और गंगा घाटों के आसपास के क्षेत्रों में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए पके हुए मांसाहारी भोजन की डिलीवरी की जा रही थी।
मामले की पुष्टि का दावा सामने आने के बाद संत समाज ने कड़ा ऐतराज जताया और नगर निगम की सिर्फ नोटिस जारी करने की कार्रवाई को अपर्याप्त बताया।
संतों ने दहन किया रैपिडो का पुतला
विवाद के बीच रानीपुर क्षेत्र में संतों ने प्रदर्शन करते हुए रैपिडो का पुतला दहन किया और चेतावनी दी कि अगर जल्द सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन और व्यापक किया जाएगा। संतों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें जानकारी मिल रही थी कि हरकी पौड़ी क्षेत्र के आसपास के होटलों, धर्मशालाओं और घाटों पर ऐप आधारित सेवाओं के जरिए नॉनवेज ऑर्डर पहुंचाए जा रहे हैं। आरोपों के मुताबिक, कुछ लोगों ने खुद स्टिंग ऑपरेशन कर ऑर्डर देकर इस डिलीवरी की पुष्टि करने का दावा भी किया है।


